साउथ सिनेमा की खूबसूरत जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आज यानी 26 फरवरी को उदयपुर में शादी के बंधन में बंध गए. तकरीबन 10 साल डेट करने के बाद विजय-रश्मिका ने एक दूसरे को हमसफर बनाया. आपको बता दें कि विजय-रश्मिका के प्यार की शुरुआत उनकी साथ में पहली ही फिल्म गीता-गोविंदम के सेट से हुई थी. इसके बाद से कपल ने गुपचुप एक दशक तक डेट किया. 'एक मूवी साथ में कर लेते हैं क्या हो जाएगा..' इसका सबूत अब विजय और रश्मिका भी दे रहे हैं. ऐसे में बात करेंगे उन सेलेब कपल की जिन्हें सेट पर प्यार हुआ और फिर शादी रचाकर कपल गोल सेट कर रहे हैं.
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी
साल 2020 में फिल्म शेरशाह के सेट पर सिद्धार्थ और कियारा के बीच प्यार पनपा और तीन साल डेट करने के बाद कपल ने 7 फरवरी 2023 को शादी रचा ली. अब इस खूबसूरत कपल की एक बेटी भी है.
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण
फिल्म गोलियों की रासलीला- रामलीला के सेट पर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण पहली बार मिले थे. साल 2013 में रिलीज हुई इस फिल्म की मेकिंग के दौरान दीपिका-रणवीर कब दीपवीर बन गए पता ही नहीं चला. कपल ने नवंबर 2018 में इटली में शादी रचाई और बीते साल अपने पहले बच्चे के पेरेंट्स बने.
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट
अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र के सेट पर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की आंखें चार हुईं. यह पहली बार था जब दोनों ने साथ में फिल्म की थी. साल 2017 में शुरू हुई इस फिल्म की शूटिंग लंबे समय तक चली और इस दौरान दोनों का प्यार खूब परवान चढ़ा. रणबीर ने शूटिंग सेट से अलग जाकर आलिया को प्रपोज किया था और साल 2022 में कपल ने शादी रचाई थी. अब इनके पास राहा कपूर जैसी खूबसूरत लाडली है.
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा
साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म तुझे मेरी कसम से रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा ने साथ में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. फिल्म का पहला सेट हैदराबाद में लगा था और यहां दोनों की मुलाकात बढ़े ही मजेदार ढंग में हुई. जेनेलिया को लगा था कि रितेश मुख्यमंत्री के बेटे हैं, तो बिगड़ैल होंगे, लेकिन जब एक्ट्रेस ने उनसे बात की तो वह गलत साबित हुई. 9 साल तक डेट करने के बाद साल 2012 में कपल ने शादी रचा ली थी.
सैफ अली खान और करीना कपूर
साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म टशन के सेट पर सैफ और करीना की लव स्टोरी परवान चढ़ी थी. साल 2012 में शादी रचाने से पहले कपल ने साथ में कई फिल्में की थी, जिसमें ओमकारा, कुर्बान और एजेंट विनोद शामिल है. आज कपल दो बच्चों के पेरेंट्स हैं.
करण सिंह ग्रोवर और बिपाशा बस
करण और बिपाशा भी उन लविंग स्टार्स में शामिल हैं, जिन्हें फिल्म सेट पर प्यार हुआ था. साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म अलोन में करण-बिपाशा ने पहली बार साथ काम किया था और फिल्म की रिलीज के अगले साल ही कपल ने शादी रचा ली थी. अब इस स्टार कपल की एक बेटी देवी है.
अजय देवगन और काजोल
आखिर में बॉलीवुड के सीनियर कपल अजय देवगन और काजोल की भी लव-स्टोरी सेट से शुरू हुई थी. कपल ने साल 1995 में पहली बार फिल्म हलचल में काम किया था, लेकिन तब तक दोनों के बीच ऐसा कुछ भी नहीं था. वहीं साल 1998 में आई फिल्म प्यार तो होना ही था के बाद उनके प्यार के चर्चे होने लगे और इसी साल कपल ने शादी भी रचा ली थी.
यह भी पढ़ें: Holi Songs: होली पर DJ भी बोलेगा WOW! ये 10 गाने करेंगे हर पार्टी को हिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं