विज्ञापन

Freedom at Midnight Season 2 Review: जिन्ना की जिद, पटेल की सख्ती और बंटे हुए भारत की निर्णायक कहानी

15 अगस्त 1947 की आधी रात भारत के लिए आजादी का क्षण था, लेकिन उस आजदी की सुबह हिंसा, भय और अनिश्चितता से घिरी हुई थी. Sony LIV की वेब सीरीज 'फ्रीडम एट मिडनाइट' का दूसरा सीजन दर्शकों को उसी बेचैन और निर्णायक दौर में वापस ले जाता है,

Freedom at Midnight Season 2 Review: जिन्ना की जिद, पटेल की सख्ती और बंटे हुए भारत की निर्णायक कहानी
Freedom at Midnight Season 2 Review

15 अगस्त 1947 की आधी रात भारत के लिए आजादी का क्षण था, लेकिन उस आजदी की सुबह हिंसा, भय और अनिश्चितता से घिरी हुई थी. Sony LIV की वेब सीरीज 'फ्रीडम एट मिडनाइट' का दूसरा सीजन दर्शकों को उसी बेचैन और निर्णायक दौर में वापस ले जाता है, जब जश्न और त्रासदी साथ साथ चल रहे थे. यह सीजन आजादी की कहानी को किसी उत्सव की तरह नहीं, बल्कि एक भारी कीमत चुकाकर हासिल किए गए सच के रूप में सामने रखता है. निखिल आडवाणी के निर्देशन में यह सीजन पहले भाग की राजनीतिक भूमिका से आगे बढ़ते हुए सत्ता, जिद, नैतिक दुविधा और मानवीय पीड़ा के टकराव को और गहराई से दिखाता है.

आजादी के बाद भारत के सामने खड़ी चुनौती और एक राष्ट्र को गढ़ने की प्रक्रिया

फ्रीडम एट मिडनाइट सीजन 2 का केंद्र आजादी के बाद का भारत है, जहां असली संघर्ष सत्ता हासिल करने का नहीं, बल्कि देश को एकजुट रखने का था. सीरीज 565 रियासतों के भारत में विलय की प्रक्रिया को विस्तार और गंभीरता के साथ दिखाती है. सरदार वल्लभभाई पटेल और वी पी मेनन के प्रयास केवल राजनीतिक रणनीति नहीं लगते, बल्कि एक टूटे हुए भूगोल को जोड़ने की जटिल और तनावपूर्ण कोशिश के रूप में सामने आते हैं. जूनागढ़ और हैदराबाद जैसे मामलों में सीरीज यह स्पष्ट करती है कि उस समय संवाद, दबाव और निर्णायक कार्रवाई तीनों एक साथ जरूरी थे. इसी संदर्भ में सरदार पटेल का संवाद उनके चरित्र को पूरी तरह खोल देता है, "रियासतों को नक्शे से नहीं, नीयत से जोड़ा जाता है. जो प्रेम से नहीं मानेंगे, उन्हें परिणाम से मनाना होगा." यह सीजन लगातार यह याद दिलाता है कि आजादी के बाद भारत को एक रखना, आजादी पाने से भी कहीं ज्यादा कठिन चुनौती थी.

कश्मीर का सवाल, अंतरराष्ट्रीय मंच और नेहरू की भावनात्मक दुविधा

सीजन का सबसे संवेदनशील और विचारोत्तेजक हिस्सा कश्मीर से जुड़ा हुआ है. पाकिस्तान के कबायली आक्रमण, राजा हरि सिंह द्वारा भारत में विलय और इस मुद्दे का संयुक्त राष्ट्र तक पहुंचना कहानी को घरेलू राजनीति से अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाता है. यहां जवाहरलाल नेहरू का चित्रण संतुलित और मानवीय है. कश्मीर के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव, आदर्शवाद और वैश्विक छवि की चिंता एक साथ दिखाई देती है. इसी दुविधा को नेहरू का संवाद पूरी स्पष्टता से सामने रखता है, "कश्मीर कोई जमीन का टुकड़ा नहीं है जिसे बांटा जाए, वह हमारी धर्मनिरपेक्षता की सबसे बड़ी परीक्षा है." नेहरू और शेख अब्दुल्ला के रिश्ते को भी सीरीज सावधानी से पेश करती है, जहां भरोसा और राजनीतिक मजबूरी साथ साथ चलती है. यह हिस्सा दर्शकों को यह समझने का अवसर देता है कि कुछ फैसलों का असर दशकों तक रहता है.

सरदार वल्लभभाई पटेल का दृढ़ नेतृत्व और व्यावहारिक राष्ट्रवाद

अगर इस सीजन का सबसे प्रभावशाली चेहरा कोई है, तो वह सरदार वल्लभभाई पटेल हैं. सीरीज उन्हें केवल लौह पुरुष की छवि में सीमित नहीं करती, बल्कि एक ऐसे नेता के रूप में दिखाती है जो भावनाओं से नहीं, यथार्थ से फैसले लेता है. एक ओर मोहम्मद अली जिन्ना की बंटवारे पर अडिग जिद है, तो दूसरी ओर पटेल का कठोर लेकिन स्पष्ट राष्ट्रवादी दृष्टिकोण. हैदराबाद और जूनागढ़ जैसे प्रसंगों में उनका नेतृत्व यह साफ करता है कि उनके लिए राष्ट्रीय एकता किसी भी राजनीतिक जोखिम से ऊपर थी. वी पी मेनन के साथ उनका तालमेल और लगातार दबाव में लिए गए निर्णय इस सीज़न की सबसे मजबूत कड़ियों में शामिल हैं.

जिन्ना की जिद, सांप्रदायिक हिंसा और गांधी की नैतिक पीड़ा

सीरीज मोहम्मद अली जिन्ना के किरदार को भी एकतरफा नहीं दिखाती. गिरती सेहत के बावजूद अपने फैसले पर अडिग जिन्ना उस दौर की राजनीतिक जटिलताओं को सामने रखते हैं. उनका बोला संवाद उस नए राष्ट्र के विरोधाभास को उजागर करता है. "आप आज़ाद हैं… आप अपने मंदिरों में जाने के लिए आजाद हैं, आप अपनी मस्जिदों में इबादत करने के लिए आजाद हैं. इस नए मुल्क में रियासत का किसी के मजहब से कोई लेना-देना नहीं होगा." वहीं दूसरी ओर बंटवारे की सांप्रदायिक हिंसा लाखों जिंदगियों को निगलती दिखाई देती है. इसी पृष्ठभूमि में महात्मा गांधी का संघर्ष और भी मार्मिक हो जाता है. सीमित स्क्रीन टाइम के बावजूद गांधी एक नैतिक चेतना के रूप में मौजूद रहते हैं.  गांधी की चुप्पियां, उनका अकेलापन और यह एहसास कि शायद देश अहिंसा से दूर जा रहा है, सीजन के सबसे पीड़ादायक और बेचैन कर देने वाले क्षणों में शामिल हैं. 

आर्काइवल फुटेज, ऐतिहासिक विश्वसनीयता और अंतिम मूल्यांकन

सीजन की सबसे खासियत इसमें इस्तेमाल की गई वास्तविक आर्काइवल फुटेज है. ब्लैक एंड व्हाइट असली दृश्य जब कथा के साथ घुलते हैं, तो कहानी की विश्वसनीयता कई गुना बढ़ जाती है. नेहरू और गांधी की वास्तविक झलकें दर्शकों को सीधे उस दौर के डर, तनाव और अनिश्चितता से जोड़ देती हैं. हालांकि कुछ हिस्सों में सीरीज का टोन सूचनात्मक हो जाता है और कुछ सहायक किरदार पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते, लेकिन यह इसकी गंभीरता को कमजोर नहीं करता.

अभिनय के स्तर पर सिद्धांत गुप्ता ने नेहरू की भावनात्मक दुविधा, राजेंद्र चावला ने पटेल की कठोर व्यावहारिकता, चिराग वोहरा ने गांधी की नैतिक पीड़ा और आरिफ जकरिया ने जिन्ना की जिद व अकेलेपन को प्रभावशाली ढंग से निभाया है. फ्रीडम एट मिडनाइ सीजन 2 सिर्फ एक ऐतिहासिक ड्रामा नहीं है, बल्कि उन फैसलों, बलिदानों और नैतिक संघर्षों का दस्तावेज है जिनसे आधुनिक भारत का निर्माण हुआ. यह सीरीज इसलिए भी जरूरी है क्योंकि यह याद दिलाती है कि राष्ट्र निर्माण हमेशा उत्सव नहीं होता, बल्कि अक्सर कठिन और पीड़ादायक चुनावों की कहानी होता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com