कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान के कुक दिलीप उनके यूट्यूब चैनल की लोकप्रियता के बाद घर-घर में पहचाने जाने लगे हैं. दिलीप ने अपने सहज हास्य और फराह के साथ मजेदार नोकझोंक से दर्शकों का दिल जीता है. हालांकि, कॉमेडियन और अभिनेता साइरस ब्रोचा की राय इससे अलग है. साइरस का कहना है कि समय के साथ व्लॉग्स में दिलीप की मौजूदगी उन्हें काफी हद तक स्क्रिप्टेड लगने लगी है. अब ऐसा महसूस होता है जैसे दिलीप हर समय अभिनय कर रहे हों और उनका दिल उस काम में पूरी तरह से न लगा हो. साइरस ने यह भी कहा कि उन्हें दिलीप थोड़े परेशान करने वाले लगते हैं. इतना ही नहीं, साइरस ने उन्हें फ्रॉड तक कह दिया, जिस पर फराह खान ने भी पलटवार किया है.
साइरस ब्रोचा ने फराह खान के कुक को कहा फ्रॉड
अपने यूट्यूब टॉक शो 'साइरस सेज' पर एक्टर और इम्प्रोवाइजर शांतनु अनाम से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे वह आदमी पसंद नहीं है. वह मुझे परेशान करता है. अब वह हर समय एक्टिंग करता हुआ लगता है. शुरू में वह ठीक था, लेकिन अब वह मुझे धोखेबाज लगता है. मुझे लगता है कि फराह उसे लाइन्स देती हैं और फिर वह जो चाहे बोलता है. कभी-कभी मुझे लगता है कि उसका मन इसमें नहीं है. उसे जरूरत से ज्यादा अहमियत दी जाती है." हालांकि शांतनु ने दिलीप का समर्थन करते हुए कहा, "दुनिया में आप अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जिसे दिलीप पसंद नहीं है. दिलीप प्यारा और अच्छा इंसान है."
फराह खान ने दिया मजेदार जवाब

साइरस ब्रोचा के इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो पर खुद फराह खान ने भी रिएक्शन दिया है. उन्होंने पोस्ट के कमेंट में लिखा, साइरस मैं आपके साथ उसे रिप्लेस कर सकती हूं, जिस पर शांतनु ने कहा, हाहा मैं दिलीप की टीम में हूं. इस पर साइरस ने कहा, कल से आऊं? ये मजेदार जवाब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
फराह खान के व्लॉग में नजर आते हैं दिलीप कुमार
दिलीप और फराह अपने व्लॉग से लोगों का मनोरंजन करते रहते हैं, जिनमें वे सेलेब्स के घर जाकर घर का बना खाना खाते हैं और अनसुनी कहानियां सुनते हैं. 2025 में फराह एक्ट्रेस सोहा अली खान के यूट्यूब चैनल पर आई थीं और उन्होंने बताया था कि उन्होंने दिलीप का कर्ज चुकाने और बिहार में उनके होमटाउन में घर बनाने में मदद की है.
'ओम शांति ओम' की मेकर ने यह भी बताया कि दिलीप ने अपने बच्चों का एडमिशन इंग्लिश-मीडियम स्कूल में कराया है. फराह ने बताया था, "उस पर बहुत कर्ज था, पता नहीं कहां से, इसलिए एक साल तो उसका कर्ज चुकाने और उसे यह समझाने में ही निकल गया कि वह अब ब्याज पर लोन नहीं ले सकता, क्योंकि मैं उसे जो भी पैसे दे रही थी, वे सब बेकार जा रहे थे. इसलिए मैंने उसका सारा कर्ज चुका दिया है और अब वह अपना घर बनवा रहा है. मैं कई ब्रांड्स को शामिल करने की कोशिश कर रही हूं ताकि हम उसे घर मुफ्त में दे सकें."
ये भी पढ़ें- 5200 एपिसोड वाला वो सीरियल, 4 पीढ़ियों ने 17 साल चलाया शो, दशहरा-दीवाली खूब किया जाता है सेलिब्रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं