साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर फिल्मों से एक की ओटीटी रिलीज डेट आ गई है. इस हैलोवीन डर का एक नया चेहरा ओटीटी पर दस्तक दे रहा है और ये चेहरा बहुत ही डरावना है. हम बात कर रहे हैं फिल्म ऑब्सेशन की. इस हैलोवीन डर का रोमांच बढ़ाने के लिए जियोहॉटस्टार का पीकॉक हब अपनी हॉरर फिल्म ऑब्सेशन के साथ तैयार है. यह हॉरर मूवी 30 अक्तूबर से भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी. करी बार्कर के निर्देशन में बनी इस हॉरर फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया था. फिल्म में इंडे नवरेट और माइकल जॉनस्टन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.
फैंस के उत्साह को और बढ़ाते हुए, फिल्म के डिजिटल प्रीमियर में इसका अनकट वर्जन दिखाया जाएगा. इससे दर्शकों को इस हैलोवीन फिल्म के पूरे और बिना किसी कट वाले डरावने अनुभव का आनंद लेने का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि फिल्म हिंदी में भी उपलब्ध होगी.
जियोहॉटस्टार ने यूं किया ऐलान
फिल्म की डिजिटल रिलीज डेट की घोषणा जियोहॉटस्टार के सोशल मीडिया पेजों पर की गई. पोस्ट में लिखा गया, 'इंतजार खत्म हुआ! इस हैलोवीन, एक ख्वाहिश सब कुछ बदल सकती है. ऑब्सेशन: द ओरिजिनल अनकट वर्जन (Obsession: The Original Uncut Version) 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे से जियोहॉटस्टार के पीकॉक हब पर स्ट्रीम होगी। अंग्रेज़ी और हिंदी में उपलब्ध.'
ऑब्सेशन रिलीज डेट, बजट और कलेक्शन
ऑब्सेशन 15 मई 2026 को अमेरिका समेत दुनियाभर में रिलीज हुई थी. करी बार्कर की फिल्म ने रिलीज होते ही दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाकर रख दी थी. फिल्म को करी बार्कर ने बहुत ही मामूली बजट यानी लगभग आठ करो़ड़ में बनाया था. लेकिन उन्होंने कभी सपने में भी सोचा नहीं होगा कि ये फिल्म ऑल टाइम बेस्ट कलेक्शन करने वाली हॉरर फिल्मों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएगी. फिल्म ने इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर लगभग 4300 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस तरह फिल्म ब्लॉकबस्टर रही.
ऑब्सेशन का भारत में भी बजा डंका
हॉरर मूवी ऑब्सेशन भारत में 29 मई 2026 को रिलीज हुई थी. अमेरिका से दो हफ्ते बाद. फिल्म ने भारत में लगभग 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इस तरह फिल्म का भारत में खूब डंका बजा और यूथ में इस फिल्म ने जमकर सुर्खियां बटोरीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं