राघव जुयाल स्टारर फिल्म 'भाई तेरा सुपस्टार' का नया गाना 'आंखों से तूने 2.0' बुधवार को मेकर्स द्वारा रिलीज कर दिया गया है. गाने में अभिनेता और निहारिका का खास अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसे दर्शक काफी पसंद करते रहे हैं. ये गाना आमिर खान और रानी मुखर्जी की 28 साल पुरानी फिल्म गुलाम का है. अब आप हमारा इशारा समझ ही गए होंगे कि ये मशहूर रेन सॉन्ग 'आंखों से तूने क्या कह दिया' है. इस गाने को दोबारा से रीक्रिएट किया गया है. इसी वजह से जो नए लोग इस गाने को देख रहे हैं, वो सीधे रानी मुखर्जी और आमिर खान के गाने पर भी क्लिक कर रहे हैं.
अब बात करें इसके लेटेस्ट वलर्जन की तो राघव जुयाल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर गाने का क्लिप शेयर किया. इसके साथ उन्होंने लिखा, 'अब जब आंखें ही सब कुछ कहने लगी हैं, तो दिल का धड़कना तो तय है. 'आंखों से तूने 2.0' गाना अब रिलीज हो चुका है.' इस गाने में राघव अपने सिग्नेचर डांस स्टेप के साथ-साथ एक रोमांटिक और स्टाइलिश अवतार में दिखाई दे रहे हैं. उनका यह नया अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है. वहीं, निहारिका भी राघव की बीट से बीट मैच करती नजर आ रही हैं.
बता दें कि आमिर खान और रानी मुखर्जी वाले यह रोमांटिक को कुमार शानू और अलका याग्निक जैसे दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज से सजाया था. इस रीक्रिएटेड गाने को कुमार शानू, अलका याग्निक, देव नेगी और पलक मुच्छल ने अपनी आवाज दी है, जबकि मोहसीन शेख ने इसके गीत को लिखा और लिजो जोर्ज ने इसका संगीत तैयार किया है. वहीं, तुषार कालिया ने गाने को कोरियोग्राफ किया है.
'भाई तेरा स्टार है' में राघव जुयाल लीड एक्टर (अजय सिंह) की भूमिका में हैं, जो लंदन में रहने वाले ऐसे व्यक्ति की कहानी है जिसका सपना बॉलीवुड का सुपरस्टार बनना है. फिल्म का निर्देशन विवेक बी. अग्रवाल ने किया है. राघव जुयाल के अलावा, फिल्म में संजय कपूर, बरखा सिंह, और निहारिका एनएम मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर कुछ समय पहले रिलीज कर दिया गया है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी. हिंदी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं