बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली आज किसी कॉकपिट में बैठकर बादलों के बीच उड़ान भर रही होतीं या किसी अस्पताल के गलियारों में तेज कदमों से चल रही होतीं, तो शायद किसी को हैरानी न होती क्योंकि एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले वह भारतीय वायुसेना की पायलट या डॉक्टर बनना चाहती थी लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया और वे बॉलीवुड की हीरोइन बन गईं. आइए जानते हैं कि सेना की वर्दी पहनने की चाह रखने वाली वाली एक सिम्पल सी लड़की ने कैसे ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा और बॉलीवुड की अदाकारा के तौर पर लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. 24 नवंबर 1981 में हिमाचल प्रदेश में जन्मी सेलिना जेटली बॉलीवुड की उन अदाकारों में शुमार हैं, जिनका परिवार पीढ़ियों से देश की सेवा में योगदान देता आ रहा है.
दरअसल एक्ट्रेस के पिता भारतीय सेना (कुमाऊं रेजिमेंट) में कर्नल थे और साल 1971 में भारत-पाक युद्ध में हिस्सा भी लिया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी सुनने की शक्ति चली गई थी. उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में भी सेवा दी थी और उनकी मां मीता सेना में नर्स रह चुकी हैं. उनके नाना भी भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में कर्नल के पद पर कार्यरत थे और उन्होंने 1962 व 1965 के युद्धों में भाग लिया था.
वहीं एक्ट्रेस के भाई भारतीय सेना की विशिष्ट 3 पैरा स्पेशल फोर्सेज में मेजर के पद से रिटायर्ड हैं. वीरता के लिए उन्हें सेनाध्यक्ष (सीओएएस) प्रशंसा पत्र से भी सम्मानित किया जा चुका है. हाल ही में वे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हिरासत में लिए जाने के मामले को लेकर चर्चा में रहे हैं. माता-पिता के ट्रांसफर्स के चलते एक्ट्रेस सेलिना जेटली का बचपन देश के अलग-अलग हिस्सों में बीता, जिससे उन्हें कई भाषाओं और परिवेशों को समझने का मौका मिला. स्कूल की पढ़ाई खत्म होने के बाद एक्ट्रेस ने कॉमर्स में ग्रैजुएशन किया.
आर्मी के माहौल में पली-बढ़ी सेलिना बचपन में अपने पिता की तरह सेना में शामिल होना चाहती थीं, उन्होंने मन बना लिया था कि वह पायलट या डॉक्टर बनेंगी. इसके लिए वे मेडिकल (पीएमटी) और कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) जैसे एग्जाम की तैयारी कर रही थीं. वहीं, पढ़ाई के दौरान अपना खर्च चलाने और इंडिपेंडेंट बनने के लिए एक्ट्रेस ने 15-16 साल की उम्र में लोकल ब्रांड्स और बंगाली मैग्जीन के लिए मॉडलिंग करनी शुरू कर दी थी. इस दौरान एक्ट्रेस रिम्मी सेन भी उनकी स्कूल की दोस्त थीं और दोनों ने शुरुआत में कुछ मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स भी किए थे.
मॉडलिंग के साथ-साथ उन्होंने एक टेलीकॉम (सेलफोन नेटवर्क) कंपनी में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर भी काम किया, जहां वे सेल्स टीम को लीड करती थीं. इसी दौरान दोस्तों के कहने पर उन्होंने एक लोकल ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लिया इसने उनके लिए बड़े मंच के दरवाजे खोल दिए. फिर साल 2001 में एक्ट्रेस ने फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया.
मिस इंडिया बनने के बाद सेलिना ने प्यूर्टो रिको के बयामन में आयोजित मिस यूनिवर्स 2001 कॉम्पिटीशन में भारत का प्रतिनिधित्व किया और प्रतियोगिता के टॉप-5 फाइनलिस्ट में पहुंचीं और चौथी रनर-अप का खिताब जीता. यह मौका इसलिए भी खास थी क्योंकि उनके बाद अगले 20 साल तक (2021 में एडलाइन कैस्टेलिनो से पहले) कोई भी भारतीय सुंदरी मिस यूनिवर्स के टॉप-5 में जगह नहीं बना पाई थी. मिस यूनिवर्स की सक्सेस के बाद मशहूर एक्टर और डायरेक्टर फिरोज खान की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने 2003 की फिल्म 'जानशीन' से बॉलीवुड में कदम रखा और आगे चलकर 'नो एंट्री' और 'गोलमाल रिटर्न्स' जैसी हिट फिल्मों में काम किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं