सुपरहीरो की फिल्मों के तो क्या कहने. अगर वो मारवल की दुनिया से हों तो दुनियाभर में भौकाल काट देते हैं. ऐसा ही एक सुपरमैन है स्पाइडर-मैन, जिसने 2026 में ऐसा गदर मचाया कि कई पुरानों रिकॉर्डों को धूल में मिला दिया. मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की नई फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 2,33,47,42,220 डॉलर (2,21,65,24,88,243 रुपये यानी 2,21,65 लाख करोड़ रुपये) की कमाई कर ली है. बॉक्स ऑफिस मोजो के आंकड़ों के अनुसार यह फिल्म अब दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. इसने जेम्स कैमरून की ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर' (2,33,44,84,620 डॉलर) को मामूली अंतर से पीछे छोड़ दिया है. इससे पहले यह ‘ने झा 2' और ‘टाइटैनिक' को भी पछाड़ चुकी थी.
स्पाइडर-मैन के मकड़जाल से बच नहीं पाया कोई
बॉक्स ऑफिस मोजो की दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में ‘अवतार' (2,92,37,10,708 डॉलर, 2009) पहले और ‘एवेंजर्स: एंडगेम' (2,79,94,39,100 डॉलर, 2019) दूसरे स्थान पर हैं. 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' तीसरे पायदान पर आ गई है, जबकि ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर' चौथे, ‘ने झा 2' (2,27,07,00,370 डॉलर, 2025) पांचवें और ‘टाइटैनिक' (2,26,48,12,968 डॉलर, 1997) छठे स्थान पर हैं.
31 जुलाई 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज पांच हफ्तों में यह मुकाम हासिल किया. निर्देशक डेस्टिन डैनियल क्रेटन की यह फिल्म टॉम हॉलैंड की पीटर पार्कर के रूप में चौथी सोलो स्पाइडर-मैन फिल्म है. इसमें जेंडाया, जैकब बटालॉन, सैडी सिंक, जॉन बर्नथल (पनिशर) और मार्क रुफालो (हल्क) जैसे कलाकार शामिल हैं. ये अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली स्पाइडर-मैन फिल्म बन गई है और 2021 की ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम' (लगभग 1.92 अरब डॉलर) को पीछे छोड़ चुकी है. यही नहीं, ये सोनी पिक्चर्स की अब तक की सबसे सफल फिल्म भी है.
फिल्म की कहानी और रिव्यू
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की कहानी में डॉक्टर स्ट्रेंज के जादू के बाद दुनिया पीटर पार्कर को भूल चुकी है. पीटर अब फुल-टाइम स्पाइडर-मैन के रूप में अकेले रह रहा है. फिर एक खतरनाक दुश्मन सामने आता है. यही फिल्म की कहानी है. आखिर में इशारा कर दिया गया है कि स्पाइडर-मैन की वापसी हो सकती है. टॉम हॉलैंड की एक्टिंग अच्छी है, एक्शन सीक्वेंस भी क्लासिक है और स्पाइडी के फैन्स को दुनियाभर में ये फिल्म पसंद आई है.
अब 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' को 'अवेंजर्स: एंडगेम' और 'अवतार' के रिकॉर्ड तोड़ने है. अगर स्पाइडी ने थोड़ा और जोर लगाया तो ये दूसरी पायदान पर भी आ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं