विज्ञापन

2026 के पहले छह महीने में बॉलीवुड ने दी 3 ब्लॉकबस्टर, पढ़ें 180 दिन का रिपोर्ट कार्ड

साल 2026 के पहले छह महीनों में बॉलीवुड का प्रदर्शन मिला-जुला रहा. 'धुरंधर 2', 'बॉर्डर 2' और 'भूत बंगला' ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, जबकि ज्यादातर बड़े बजट और स्टारकास्ट वाली फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रहीं.

2026 के पहले छह महीने में बॉलीवुड ने दी 3 ब्लॉकबस्टर, पढ़ें 180 दिन का रिपोर्ट कार्ड
2026 के पहले 6 महीनो में सिर्फ 3 फिल्मों ने बचाई बॉलीवुड की लाज!
NDTV

साल 2026 का पहला आधा हिस्सा यानी जनवरी से जून तक का सफर बॉलीवुड के लिए उम्मीद और निराशा दोनों लेकर आया है. बड़े बजट, सुपरस्टार्स और जबरदस्त प्रमोशन के बावजूद ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं. हालांकि, जनवरी से अप्रैल के बीच हुई फिल्मों ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 4,219 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया, जो पिछले साल के समान पीरियड की तुलना में करीब 15 फीसदी ज्यादा रहा. इसके बावजूद अगर फिल्मों की सफलता की बात करें तो पूरे 6 महीनों में सिर्फ 'धुरंधर 2', 'बॉर्डर 2' और 'भूत बंगला' ही ऐसी फिल्में रहीं, जिन्होंने टिकट खिड़की पर दमदार प्रदर्शन किया.

ये भी पढ़ें: OTT पर छाया समय रैना का 'इंडियाज गॉट लैटेंट सीजन 2', फीफा वर्ल्ड कप और महिला टी20 वर्ल्ड कप भी टॉप-3 में शामिल

'धुरंधर 2' बनी साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर

पहले छह महीनों की सबसे बड़ी सफलता डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' रही. रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,275 करोड़ रुपए का शानदार ग्रॉस कलेक्शन किया. यह अकेली फिल्म जनवरी से जून के बीच रिलीज हुई फिल्मों की कुल कमाई का लगभग 30 फीसदी हिस्सा लेकर आई. दमदार एक्शन, बड़े पैमाने की कहानी और रणवीर सिंह की परफॉरमेंस ने फिल्म को साल की पहली मेगा ब्लॉकबस्टर बना दिया.

'बॉर्डर 2' ने देशभक्ति के दम पर मारी बाजी

इस साल की दूसरी सबसे सफल फिल्म रही 'बॉर्डर 2', जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 379 करोड़ रुपए का कारोबार किया. देशभक्ति और युद्ध पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पांस मिला. फिल्म ने न केवल पुरानी 'बॉर्डर' की यादें ताजा कीं, बल्कि नए दौर के दर्शकों को भी सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता हासिल की.

'भूत बंगला' ने कॉमेडी-हॉरर से जीता दिल

अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर 'भूत बंगला' के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने में सफल रही. अप्रैल में बॉक्स ऑफिस की रफ्तार धीमी पड़ने के बावजूद इस फिल्म ने 190 करोड़ रुपए की कमाई कर खुद को सफल फिल्मों की लिस्ट में शामिल कराया. हॉरर और कॉमेडी का संगम दर्शकों को पसंद आया और फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया.

बाकी फिल्मों ने किया निराश

इन तीन फिल्मों को छोड़ दें तो बाकी बड़े प्रोजेक्ट्स बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं छोड़ सके. कई फिल्मों ने शुरुआती चर्चा तो बटोरी, लेकिन दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में नाकाम रहीं. 'द राजा साब', 'उस्ताद भगत सिंह', 'माइकल', 'ओ' रोमियो' और दूसरी फिल्मों से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन ये फिल्में कारोबार के मामले में उम्मीदों  पर खरा नहीं उतर सकीं. कुछ फिल्मों ने औसत कमाई की, जबकि कई बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुईं.

दूसरे छह महीनों से बढ़ीं उम्मीदें

हालांकि पहले छह महीनों में केवल तीन फिल्मों ने बॉलीवुड की साख बचाई, लेकिन अब इंडस्ट्री की नजर साल के दूसरे हिस्से पर है. आने वाले महीनों में कई बड़े सितारों की फिल्में रिलीज होंगी. इनमें मल्टी-स्टारर धमाल 4, सलमान की मातृभूमि, इमरान हाशमी की आवारापन 2, OTT से बड़े पर्दे पर आ रही मिर्जापुर और अक्षय एवं सैफ स्टारर हैवान शामिल हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 2026 का दूसरा हाफ बॉक्स ऑफिस के लिए ज्यादा सफल साबित होगा और बॉलीवुड पहले छह महीनों की कमी को पूरा करने में कामयाब रहेगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood 2026 Films, Dhurandhar 2, Border 2, Bhooth Bangla, Bollwyood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com