साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की आने वाली फिल्म 'राका' का फर्स्ट लुक सामने आते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. पोस्टर में उनका रहस्यमयी लुक नजर आ रहा है जिसमें उनके नुकीले नाखून है. इसी के साथ एक बार फिर क्रिएचर-ड्रामा और हॉरर फिल्मों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. भारतीय सिनेमा में ऐसी फिल्मों का एक अलग ही आकर्षण रहा है, जहां रहस्य, डर और अलौकिक शक्तियों का मिक्स देखने को मिलता है. अगर आप भी ऐसी फिल्मों के शौकीन हैं तो ओटीटी पर मौजूद कुछ फिल्में आपको जरूर पसंद आ सकती हैं.
भेड़िया: वरुण धवन और कृति सेनन की फिल्म 'भेड़िया' एक ऐसे युवक की कहानी है, जो जंगल में एक हमले के बाद खुद एक भेड़िये जैसी शक्तियां हासिल कर लेता है. फिल्म में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी छिपा है और साथ ही इसमें हॉरर और कॉमेडी का अच्छा मिक्स देखने को मिलता है. अरुणाचल प्रदेश के खूबसूरत जंगलों में शूट की गई यह फिल्म विजुअली भी काफी शानदार है.

क्रिएचर 3डी: बिपाशा बसु और इमरान अब्बास स्टारर फिल्म 'क्रिएचर 3डी' की कहानी एक हिल स्टेशन पर बने होटल के आसपास घूमती है, जहां एक रहस्यमयी ब्रह्मराक्षस लोगों को अपना शिकार बनाता है. फिल्म में बिपाशा का किरदार अपने होटल और अपनी जान बचाने के लिए इस खतरनाक जीव से लड़ती है. फिल्म का कॉन्सेप्ट काफी दिलचस्प है.

थामा: आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म 'थामा' बेतालों की एक काल्पनिक दुनिया में ले जाती है, जहां एक युवक गलती से इस रहस्यमयी दुनिया का हिस्सा बन जाता है. इसमें प्यार, बदला और अलौकिक शक्तियों का संघर्ष दिखाया गया है. फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया है.

काल: यह एक चर्चित क्रिएचर-ड्रामा फिल्म है, जिसमें अजय देवगन, जॉन अब्राहम और विवेक ओबेरॉय मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म की कहानी एक नेशनल पार्क में होने वाली रहस्यमयी मौतों पर आधारित है, जहां शुरुआत में इसे जंगली जानवरों का हमला माना जाता है, लेकिन बाद में एक खौफनाक सच्चाई सामने आती है. फिल्म में डर के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण का संदेश भी दिया गया है.

जानी दुश्मन एक अनोखी कहानी: यह एक फैंटेसी और सुपरनैचुरल कहानी पर आधारित है. इसमें सनी देओल, अक्षय कुमार और मनीषा कोइराला जैसे कई बड़े कलाकार नजर आते हैं. फिल्म की कहानी पुनर्जन्म, बदला और अलौकिक शक्तियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक नाग और नागिन अपने साथ हुए अन्याय का बदला लेते हैं.

यह भी पढ़ें: अल्लू अर्जुन की 800 करोड़ की फिल्म 'राका' का मतलब आखिर है क्या? कहां से आया ये शब्द?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं