फिल्में आती हैं, जाती हैं और वक्त के साथ कई गाने भी लोगों की यादों से धुंधले पड़ जाते हैं. लेकिन कुछ गाने ऐसे होते हैं जो हर दौर में खुद को फिर से साबित कर देते हैं. चाहे 70 का दशक हो, 90 का दौर हो या फिर आज का समय, उनका जादू कभी फीका नहीं पड़ता. बॉलीवुड का एक ऐसा ही गाना पिछले 49 साल से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है. दिलचस्प बात ये है कि इस गाने ने सिर्फ एक नहीं, बल्कि चार अलग-अलग फिल्मों में अपनी जगह बनाई. जहां-जहां ये गाना पहुंचा, वहां इसने दर्शकों का दिल जीत लिया. हम बात कर रहे हैं सदाबहार हिट गाने 'मुंगड़ा मुंगड़ा' की, जिसका क्रेज आज भी बरकरार है.
हेलन पर फिल्माया गया और बन गया सनसनी
'मुंगड़ा मुंगड़ा' पहली बार साल 1977 में रिलीज हुई फिल्म 'इंकार' में सुनाई दिया था. इस गाने को उषा मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसे हेलन पर फिल्माया गया था. गाना रिलीज होते ही लोगों की जुबान पर चढ़ गया. इसके बोल, संगीत और हेलन के डांस ने ऐसा रंग जमाया कि देखते ही देखते ये उस दौर का सुपरहिट गाना बन गया.
ये भी पढ़ें- मोहम्मद रफी का 7 मिनट का एवरग्रीन गाना, 57 साल पहले राज कुमार पर था फिल्माया, आशिकों के टूटे दिलों को दिया सुकून
फिल्म से ज्यादा गाने की हुई चर्चा

Photo Credit: फोटो: IMDb.com
विनोद खन्ना और विद्या सिन्हा स्टारर 'इंकार' एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म थी. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा 'मुंगड़ा मुंगड़ा' की हुई. आज भी जब पुराने सुपरहिट गानों की बात होती है तो इस गाने का नाम जरूर लिया जाता है. यही वजह है कि इसे बॉलीवुड के सबसे यादगार गानों में गिना जाता है.
दूसरी फिल्म में भी चला मुंगड़ा का जादू
साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म 'अंदर बाहर' में भी 'मुंगड़ा मुंगड़ा' सुनाई दिया. फिल्म में अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, मुनमुन सेन और किम जैसे सितारे नजर आए थे. हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही, लेकिन गाने की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई. दर्शकों ने एक बार फिर इस गाने को खूब पसंद किया.
सनी देओल की सुपरहिट फिल्म तक पहुंचा गाना
इसके बाद साल 1990 में रिलीज हुई 'घायल' में भी 'मुंगड़ा मुंगड़ा' को शामिल किया गया. सनी देओल, मीनाक्षी शेषाद्रि और अमरीश पुरी स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 21 करोड़ रुपये का कारोबार किया. फिल्म ने कई बड़े अवॉर्ड भी जीते और उस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही.
29 साल बाद फिर बड़े पर्दे पर लौटा
'घायल' के बाद इस गाने ने लंबा इंतजार करवाया, लेकिन साल 2019 में ये फिर नए अंदाज में लौट आया. फिल्म 'टोटल धमाल' में 'मुंगड़ा मुंगड़ा' को रीक्रिएट किया गया. इस बार गाना सोनाक्षी सिन्हा पर फिल्माया गया था. पुराने गाने का तड़का और नए दौर का अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और हिट साबित हुई.
आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल
बहुत कम गाने ऐसे होते हैं जो कई पीढ़ियों के बीच अपनी पहचान बनाए रखते हैं. 'मुंगड़ा मुंगड़ा' उन्हीं चुनिंदा गानों में शामिल है. चार फिल्मों का हिस्सा बन चुका ये गाना आज भी शादी-पार्टी और डांस फ्लोर की रौनक बना हुआ है. शायद यही वजह है कि 49 साल बाद भी इसका जादू पहले जैसा कायम है.
ये भी पढ़ें- Welcome To The Jungle का ट्रेलर, मेकर्स ने सेट पर खर्च किए डेढ करोड़, जानें कितना है बजट और कितने हैं फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं