बेबी डॉल फेम सिंगर कनिका कपूर ने अपने दूसरे पति व्यवसायी गौतम हाथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है. उन्होंने किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की बात को खारिज किया और अपने दूसरे तलाक के दौरान प्राइवेसी की अपील की है. उन्होंने 2022 में लंदन में शादी की थी. 48 वर्षीय सिंगर ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है. उन्होंने यह ऐलान तब किया है, जब उन्होंने इंस्टाग्राम से अपनी शादी की तस्वीरें हटा दी थीं. एक इंटरव्यू में कनिका ने स्पष्ट किया कि उनके अलग होने में कोई तीसरा व्यक्ति शामिल नहीं है. उन्होंने उन दावों को भी खारिज कर दिया कि उनकी शादी इसलिए टूटी क्योंकि वह लागोस (Lagos) नहीं जाना चाहती थीं, जहां हाथीरमानी काम के सिलसिले में रहते हैं. अपने आधिकारिक बयान में कनिका ने कहा, "काफी सोच-विचार के बाद मेरे पति और मैंने अलग होने का फैसला किया है. मैं उस समय के लिए आभारी हूं जो हमने साथ बिताया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं. आगे बढ़ते हुए मैं आप सभी से हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करती हूं."
यह भी पढ़ें- 54 साल की उम्र में भी सिंगल हैं तब्बू, क्यों नहीं लगातीं पिता का सरनेम? 3 रिश्तों के बाद भी नहीं की शादी
'मुंबई मिरर' के अनुसार, हाथीरमानी के दोस्तों ने बताया कि वे इस अलगाव से बहुत दुखी हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से ही पता था कि कनिका एक स्वतंत्र विचारों वाली इंसान हैं और अक्सर अपने परफॉरमेंस के लिए दुनिया भर में यात्रा करती रहती हैं. कभी-कभी तो एक ही हफ्ते में सेंट ट्रोपेज, लंदन और मुंबई के बीच सफर करती हैं. रिपोर्ट के अनुसार वह एक सफल गायिका है, जिनका ट्रैवल शेड्यूल काफी व्यस्त रहता था. वहीं उनके पति एक सफल व्यवसायी हैं जो काम के चलते लागोस नहीं छोड़ सकते थे. दोनों बीच के रिश्ते में निराशा और अलग-अलग उम्मीदों के कारण दरार आ गई. एक न्यूज पोर्टल से बात करते हुए कनिका कपूर ने कहा, "मुझे कोई और नहीं मिला है और जहां तक मुझे पता है गौतम को भी कोई और नहीं मिला है. यह मेरा दूसरा तलाक है, जो अपने साथ काफी दुख और निराशा लेकर आता है." उन्होंने आगे कहा, "यह कहना कि मैं लागोस में नहीं रहना चाहती थी, सच नहीं है. यह बहुत आम बात है कि जब कोई शादी टूटती है, तो सबसे पहले महिला को ही दोषी ठहराया जाता है जो कि गलत है. शादी में केवल दो लोग ही जानते हैं कि उनके बीच असल में क्या हुआ है." कनिका कपूर ने बताया कि वह अभी मुंबई में हैं और तीन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं. उन्होंने कहा, "मेरे तीन बच्चे हैं, जिनकी मुझे देखभाल करनी है. मैं उम्मीद करती हूं कि गौतम के साथ मेरे भविष्य में रिश्ते अच्छे बने रहेंगे, क्योंकि मैं स्वभाव से आक्रामक नहीं हूं. मुझे लगता है कि वह भी यही चाहेंगे."
यह भी पढ़ें- Rooh First Glimpse: 'आवारापन 2' के बाद हॉरर फिल्म से दहशत फैलाएंगे Emraan Hashmi, ‘रूह' की पहली झलक रिलीज
दोस्ती से शादी तक
कनिका कपूर और हाथीरमानी कई सालों से अच्छे दोस्त रहे है और बाद में उनके बीच प्यार हो गया. 20 मई 2022 को लंदन के एक फाइव-स्टार होटल में उन्होंने एक निजी समारोह में शादी की, जिसमें उनके परिवार वाले और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. इससे पहले उनकी शादी लंदन में रहने वाले जनरल प्रैक्टिशनर डॉ. जसप्रीत सिंह चंडोक से हुई थी. 2012 में उनका तलाक हो गया था. उनके तीन बच्चे हैं - आयना, समारा और युवराज. लखनऊ की रहने वालीं कनिका कपूर अक्सर भारत में अपने माता-पिता से मिलने आती हैं और उन्होंने अपने बच्चों की परवरिश एक सिंगल मदर के तौर पर की है. डॉ. जीउस के साथ रिकॉर्ड किए गए 2012 के सिंगल जुगनी जी से उन्हें सफलता मिली और 2014 में बेबी डॉल से उन्हें व्यापक प्रसिद्धि मिली. उनके अन्य गानों में चिट्टियां कलाइयां, टुकुर टुकुर, गेंदा फूल और ऊ बोलेगा या ऊ ऊ बोलेगा शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं