बॉलीवुड की चर्चित फिल्म "आवारापन 2'" का टीजर रिलीज कर दिया है. मेकर्स ने लंबे समय तक फैन्स को इंतजार करवाने के बाद आखिरकार अपने पिटारे में पहली झलक निकालकर पेश कर दी है. इसके साथ फिल्म को म्यूजिक को लेकर भी काफी उम्मीदें हैं क्योंकि इसके लिए एक बार फिर सुपरहिट जोड़ी मिथून और सईद कादरी साथ काम करेंगे. फिल्म में दर्शकों को पुराने लोकप्रिय गीत “तो फिर आओ” और “तेरा मेरा रिश्ता” के नए वर्जन सुनने को मिलेंगे, वहीं एक बिल्कुल नया गाना भी तैयार किया जा रहा है.
इस फिल्म का निर्देशन नितिक कक्कड़ कर रहे हैं, जबकि इसमें मुख्य भूमिकाओं में इमरान हाशमी और दिशा पाटनी नजर आएंगे. फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. निर्माता विशेश भट्ट के मुताबिक फिल्म की संगीत पहचान तलाशते समय उन्हें बार-बार मिथून और सईद कादरी का ही ख्याल आया. उन्होंने कहा कि इन दोनों का संगीत भावनाओं की गहराई को बेहद खूबसूरती से दर्शाता है और यही इस फिल्म की जरूरत भी है.
गीतकार सईद कादरी ने भी फिल्म से अपने खास भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार के गानों में दर्शकों को सच्चे एहसास और गहराई महसूस होगी. वहीं मिथून ने कहा कि उनकी टीम की केमिस्ट्री ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी तालमेल के साथ वे ‘Awarapan 2' का संगीत तैयार कर रहे हैं.
गौरतलब है कि पहली फिल्म आवारापन (2007) अपने संगीत और भावनात्मक कहानी के कारण कल्ट फेवरेट बन गई थी. अब इसका सीक्वल उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए आधुनिक अंदाज में पेश किया जाएगा. ‘आवारापन 2' को एक इमोशनल एक्शन-ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें मजबूत कहानी के साथ-साथ संगीत भी अहम भूमिका निभाएगा. दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म अपने शानदार म्यूजिक के जरिए एक बार फिर दिलों को छूने में कामयाब होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं