बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो रिलीज के कई साल बाद भी सुनते ही माहौल बदल देते हैं. पार्टी हो, शादी का फंक्शन हो या दोस्तों की महफिल, इन गानों की धुन बजते ही लोग खुद को डांस करने से रोक नहीं पाते. अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की 2008 में आई फिल्म का एक ऐसा ही गाना आज भी लोगों के बीच खूब पसंद किया जाता है. पंजाबी अंदाज, मजेदार बोल और जबरदस्त बीट वाला ये गाना 18 साल बाद भी शादी-पार्टियों की जान बना हुआ है. खास बात ये है कि इसका वीडियो भी आज करोड़ों व्यूज पार कर चुका है.
गाना सुनते ही बन जाता है पार्टी का माहौल
हम बात कर रहे हैं गाने ‘जी करदा भाई जी करदा' की. ये गाना फिल्म ‘सिंह इज किंग' का है, जिसमें अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ मुख्य भूमिका में नजर आए थे. गाने को लाभ जंजुआ और सुजैन डी'मेलो ने अपनी आवाज दी है. जबकि इसका संगीत प्रीतम ने तैयार किया था. गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका पंजाबी फ्लेवर और एनर्जी से भरपूर म्यूजिक है. जैसे ही इसके शुरुआती बीट्स सुनाई देते हैं, माहौल अपने आप डांस फ्लोर जैसा हो जाता है. यही वजह है कि रिलीज के इतने साल बाद भी ये गाना शादी और पार्टी प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है. गाने के वीडियो में अक्षय कुमार का मस्ती भरा अंदाज और कैटरीना कैफ की मौजूदगी इसे और मजेदार बनाती है. दोनों की केमिस्ट्री और गाने की एनर्जी ने इसे उस दौर के पॉपुलर पार्टी सॉन्ग्स में शामिल कर दिया था.
18 साल बाद भी बरकरार है गाने का क्रेज
‘जी करदा' की पॉपुलैरिटी सिर्फ फिल्म की रिलीज तक सीमित नहीं रही. आज भी सोशल मीडिया और वीडियो प्लेटफॉर्म पर इसे खूब देखा और सुना जाता है. यूट्यूब पर इस गाने के वीडियो को 5.4 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. ये आंकड़ा बताता है कि नई पीढ़ी भी इस पुराने पार्टी सॉन्ग से जुड़ रही है. ‘सिंह इज किंग' 8 अगस्त 2008 को रिलीज हुई थी. अनीस बज्मी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार ने हैप्पी सिंह का किरदार निभाया था. फिल्म में उनके साथ कैटरीना कैफ, ओम पुरी, रणवीर शौरी, सोनू सूद, नेहा धूपिया और जावेद जाफरी जैसे कलाकार भी थे.
ये भी पढ़ें; Mirzapur The Movie Trailer: मिर्जापुर की गद्दी के लिए फिर होगी जंग, देखें मिर्जापुर फिल्म का ट्रेलर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं