भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इन दिनों मैदान से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से उनका नाम दिग्गज सिंगर आशा भोसले की पोती जनाई भोसले के साथ जोड़ा जा रहा था. दोनों की तस्वीरें और वीडियोज वायरल होने के बाद इंटरनेट पर डेटिंग की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया. कई लोगों को लगने लगा कि क्रिकेट और म्यूजिक इंडस्ट्री के बीच कोई नई लव स्टोरी शुरू हो गई है. सोशल मीडिया पर दोनों की बॉन्डिंग देखकर यूजर्स लगातार अलग-अलग कयास लगा रहे थे. कभी किसी पार्टी की तस्वीर वायरल हुई, तो कभी दोनों की साथ में मौजूदगी को लेकर चर्चा छिड़ गई. लेकिन तभी इस पूरी कहानी में ऐसा ट्विस्ट आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया.
बॉन्डिंग है, लेकिन रोमांस नहीं
जनाई भोसले ने खुद सामने आकर इन डेटिंग रूमर्स पर रिएक्ट किया है. उन्होंने साफ कर दिया कि मोहम्मद सिराज के साथ उनका रिश्ता रोमांटिक नहीं, बल्कि भाई-बहन जैसा है. इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तमाम अफवाहों पर काफी हद तक विराम लग गया. रक्षाबंधन के मौके पर भी जनाई, सिराज को राखी बांध चुकी हैं और दोनों एक फैमिली बॉन्ड शेयर करते हैं. जनाई ने कहा, “मैंने उनको राखी पहनाई है. आज ही नहीं, मैं कभी भी उनको फोन करूं कि भाई मेरी लाइफ में ऐसा हो गया, ये हो रहा है, वो हो रहा है... वो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं. मैं उन पर निर्भर हूं. मुझे नहीं पता ये खबरें कहां से आती हैं.”
आशा भोंसले के अंतिम संस्कार में नजर आए थे सिराज
दोनों की करीबी का अंदाजा इस बात से भी लगाया जाता है कि जब आशा भोसले के निधन की खबर सामने आई थी, तब मोहम्मद सिराज वहां पहुंचे थे और जनाई को सांत्वना देते दिखाई दिए थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं. दिलचस्प बात ये है कि सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरों को देखकर फैंस लगातार उन्हें लेकर स्टोरीज बना रहे थे. कुछ यूजर्स ने तो दोनों को “नई सेलिब्रिटी जोड़ी” तक कहना शुरू कर दिया था.
हालांकि जनाई भोसले के बयान के बाद अब मोहम्मद सिराज और उनके रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है. इस पूरे मामले ने एक बार फिर दिखा दिया कि इंटरनेट पर वायरल तस्वीरें किस तरह कुछ ही घंटों में अफवाहों का बाजार गर्म कर देती हैं. सोशल मीडिया का ये दौर ऐसा है, जहां किसी सेलिब्रिटी की एक तस्वीर भी मिनटों में नई कहानी बना देती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं