संजय दत्त और अरशद वारसी के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हाल ही में प्रीतम एंड पेड्रो के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अरशद वारसी से अनजाने में ऐसा खुलासा हो गया, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी. बातचीत के दौरान अरशद ने इशारों-इशारों में बता दिया कि संजय दत्त भी इस सीरीज का हिस्सा हैं. हालांकि, अपनी बात का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक यह जानकारी लोगों तक पहुंच चुकी थी.
ये भी पढ़ें: जब 'भद्दी' भाषा ऋषि कपूर को नहीं आई थी पसंद, एक्ट्रेस ने सुनाया 'अग्निपथ' का खास किस्सा
संजय दत्त का कैमियो
हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक संजय दत्त की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक अभिनेता इस सीरीज में एक खास कैमियो करते नजर आएंगे. इस प्रोजेक्ट को फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी प्रोड्यूस कर रहे हैं.
संजय दत्त और अरशद वारसी की जोड़ी को दर्शक आज भी मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस. और लगे रहो मुन्ना भाई के लिए याद करते हैं. मुन्ना और सर्किट की उनकी दोस्ती हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में गिनी जाती है. हाल ही में दोनों एक विज्ञापन में भी अपने चर्चित किरदारों में दिखाई दिए थे, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया.
वीर हिरानी का डेब्यू
प्रीतम एंड पेड्रो एक और वजह से भी खास है. इस सीरीज के जरिए राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि वीर का मुन्ना भाई फ्रेंचाइज़ी से पुराना नाता रहा है. बचपन में वह मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस. में सर्किट के बेटे ‘छोटा सर्किट' की भूमिका में नजर आए थे. अब दो दशक से ज्यादा समय बाद वह एक बार फिर अरशद वारसी के साथ स्क्रीन साझा करेंगे.
सीरीज में विक्रांत मैसी भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. इस बार वह एक नकारात्मक किरदार में नजर आएंगे. अपने रोल के बारे में बात करते हुए विक्रांत ने कहा कि राजकुमार हिरानी की दुनिया का हिस्सा बनना ही उनके लिए बड़ी बात है. उन्होंने बताया कि लंबे समय से वह एक अलग तरह का किरदार निभाना चाहते थे और इस भूमिका ने उन्हें वह मौका दिया.
अरशद वारसी की मौजूदगी, विक्रांत मैसी का निगेटिव अवतार, वीर हिरानी का डेब्यू और संजय दत्त के संभावित कैमियो ने प्रीतम एंड पेड्रो को पहले से ही चर्चाओं में ला दिया है. यह सीरीज़ 3 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं