कंटेंट क्रिएटर अपूर्वा जिन्हें 'द रेबेल किड' के नाम से भी जाना जाता है को लेकर खबर है कि वह भारत छोड़ विदेश जा रही हैं. अपूर्वा ने हाल ही में बताया कि वह NYU स्टर्न से MBA करने के लिए न्यूयॉर्क चली गई हैं. अब उनका प्लान है कि वह पढ़ाई पूरी करके भारत लौटें और एक D2C ब्रांड शुरू करें. बता दें कि अपूर्वा जो फिलहाल विदेश जाने को लेकर सुर्खियों में हैं वह करीब एक साल पहले समय रैना के शो पर एक कंटेस्टेंट की मां के बारे में भद्दा मजाक करने को लेकर काफी क्रिटिसाइज हुई थीं. अपूर्वा पर IT एक्ट के तहत कई FIR भी दर्ज हुई थीं.
प्रोफेशनल लेवल पर देखें तो 25 साल की अपूर्वा को आखिरी बार रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' में देखा गया था. कहती हैं कि उन्हें अपने फैसलों पर कोई पछतावा नहीं है. उन्होंन कहा, जब भी मैंने कुछ गलत किया है, मैंने माफी मांगी है और जिम्मेदारी ली है. मुझे अपने किसी भी फैसले पर पछतावा नहीं है. मुझे सच में लगता है कि यह सब मेरी कहानी का ही हिस्सा है. मैं एक ऐसी जबरदस्त जिंदगी जी रही हूं जहां मेरे हर काम पर लोगों का बहुत तेज रिएक्शन आता है."
अपनी जल्दबाजी या बिना सोचे-समझे किए गए कामों के नतीजों को मानते हुए वह कहती हैं, "मेरी जल्दबाजी की वजह से कभी-कभी मुझे नुकसान भी उठाना पड़ा है. लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं पीछे जाकर उनमें से कुछ भी बदलना चाहूंगी, क्योंकि उन गलतियों के बिना मैं वैसी इंसान नहीं बन पाती जैसी आज हूं या जिंदगी के इस पड़ाव पर नहीं पहुंच पाती."
वह आगे कहती हैं, "मेरी हर गलती, हर गलत फैसला और हर मुश्किल हालात ने मुझे आज उस जगह पहुंचाया है जहां मैं हूं. न्यूयॉर्क जा रही हूं, अपना मकसद ढूंढ रही हूं, जिंदगी का मतलब समझ रही हूं और खुद से पूछ रही हूं कि मैं अपनी जिंदगी में और क्या करना चाहती हूं."
अपूर्वा ने बताया कि न्यूयॉर्क जाने का एक मकसद यह भी है कि वह हर समय अपनी ऑनलाइन इमेज बनाए रखने के दबाव से दूर रह सकूं. उन्होंने कहा, मैं US इसलिए भी जा रही हूं ताकि 'रिलेवेंट' बने रहने, खुद को नया रूप देने, आगे क्या कहना है यह सोचने और हर समय ऑनलाइन इमेज बनाए रखने के लगातार दबाव से दूर रह सकूं. मुझे लगता है कि इस सफर में कहीं न कहीं मैं सच में यह भूल गई हूं कि जब मैं 'द रेबेल किड' नहीं होती, तब मैं असल में कौन हूं.
वह मानती हैं कि लोगों की नजर और आलोचना कभी-कभी बहुत भारी पड़ सकती है. यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी जैसा लगता है और कभी-कभी ऐसा लगता है कि मैं कुछ भी करूं, कोई न कोई उसकी आलोचना जरूर करेगा. लेकिन साथ ही यही मेरी जिंदगी की खूबसूरती भी है.
जब अपूर्वा से पूछा गया कि क्या वह बॉलीवुड में वापसी करेंगी, तो उन्होंने कहा, "मैं खुद को भारत लौटते हुए तो देखती हूं, लेकिन नहीं, मैं बॉलीवुड में अपना करियर बनाती हुई खुद को नहीं देखती." अपूर्वा ने 'नादानियां' (2025) से एक्टिंग की शुरुआत की थी और कुछ वेब शो भी किए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं