रवि शास्त्री से सगाई, शादी की तैयारियां और फिर अचानक दिल का किसी और के लिए धड़कने लगना...अमृता सिंह की लव लाइफ किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. लेकिन जिसके लिए अमृता सिंह का दिल धड़का वो सैफ अली खान नहीं थे बल्कि उस दौर के सबसे हैंडसम स्टार्स में से एक थे. फिल्म 'बंटवारा' की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात उस सुपरस्टार से हुई जिनकी मुस्कान पर उस दौर की लाखों लड़कियां फिदा थीं. अमृता भी खुद को रोक नहीं पाईं. पहले क्रश हुआ, फिर उन्हें पाने की जिद और आखिरकार दोनों का अफेयर भी शुरू हो गया. लेकिन जब बात शादी तक पहुंचने लगी तो परिवार बीच में आ गया और ये रिश्ता अधूरा रह गया.

इस एक्टर पर आया दिल
बंटवारा मूवी के सेट पर पहली बार विनोद खन्ना से मिलते ही वो उन पर फिदा हो गई थीं. उस समय विनोद खन्ना ओशो आश्रम से लौटने के बाद फिल्मों में वापसी कर चुके थे और सिंगल थे. उनकी किलर स्माइल, सादगी और केयरिंग नेचर ने अमृता को पूरी तरह इम्प्रेस कर दिया. उस वक्त अमृता की सगाई क्रिकेटर रवि शास्त्री से हो चुकी थी. उन्होंने मजाक में रवि से कहा कि अब वो विनोद खन्ना के साथ फिल्म कर रही हैं, इसलिए थोड़ा संभलकर रहें. लेकिन रवि ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘तुम लाख कोशिश कर लो, विनोद खन्ना तुम्हें कभी नहीं मिलेंगे.'

रवि शास्त्री की ये बात चुभ गई
बस, यही बात अमृता के दिल पर लग गई. उन्होंने इसे चैलेंज की तरह लिया. आउटडोर शूटिंग के दौरान वो विनोद को इम्प्रेस करने की हर मुमकिन कोशिश करने लगीं. स्टाइलिश कपड़े, खास अंदाज और पूरा ध्यान. लेकिन विनोद ने शुरुआत में उन्हें सिर्फ अपनी को स्टार ही समझा. पहली कोशिश भले ही नाकाम रही, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था. फिल्म की दूसरी आउटडोर शूटिंग में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. दोस्ती हुई और फिर धीरे धीरे विनोद खन्ना भी अमृता की तरफ अट्रेक्ट होने लगे. देखते ही देखते दोनों का रिश्ता गहरा हो गया और दोनों एक दूसरे को डेट करने लगे.
ऐज गैप बना विलेन
हालांकि इस लव स्टोरी का क्लाइमैक्स खुशहाल नहीं था. अमृता सिंह की मां इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थीं. उनकी सबसे बड़ी प्रॉब्लम दोनों के बीच करीब 12 साल के उम्र के अंतर को लेकर थी. परिवार का विरोध बढ़ता गया और आखिरकार दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया. इस बीच अमृता सिंह की सगाई भी रवि शास्त्री संग टूट चुकी थी. दो रिश्तों में नाकाम रहने के बाद अमृता सिंह की लाइफ में सैफ अली खान की एंट्री हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं