बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ सोशल मीडिया पर किए जाने वाले पोस्ट्स की वजह से भी अक्सर चर्चा में रहते हैं. फेसबुक और X (पहले ट्विटर) पर वह लगभग रोज कुछ न कुछ शेयर करते हैं. कई बार उनके पोस्ट का मतलब आसानी से समझ आ जाता है, लेकिन कई बार उनके शब्द लोगों को सोचने पर मजबूर कर देते हैं. मंगलवार सुबह अमिताभ बच्चन ने दो अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दो अलग पोस्ट शेयर किए. 
फेसबुक पर उन्होंने लिखा, 'चुप चाप, छिड़ी का बाप', जबकि X पर उन्होंने पोस्ट किया, 'जो कहना था, कल कह दिया.' उनके इन पोस्ट्स का मतलब क्या था, यह तो सिर्फ वही जानते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर इन पोस्ट्स को लेकर खूब चर्चा शुरू हो गई.
यूजर्स ने उठाए महंगाई और पेट्रोल के मुद्दे

अमिताभ बच्चन के इन पोस्ट्स के बाद कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में महंगाई, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कुछ लोगों का कहना था कि पहले अमिताभ बच्चन ऐसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते थे, लेकिन अब वह इन विषयों पर कुछ नहीं बोलते.

कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में भी रिएक्शन भी दिए. कुछ ने उन्हें ट्रोल किया तो कुछ ने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए पूछा कि अब पेट्रोल और महंगाई जैसे मुद्दों पर उनकी राय क्यों नहीं आती.
पुराने ट्वीट्स फिर हुए वायरल

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अमिताभ बच्चन के पुराने ट्वीट्स भी शेयर किए. यूजर्स का दावा है कि साल 2012 से 2014 के दौरान वह पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, गैस सिलेंडर और रुपये की गिरती कीमत जैसे मुद्दों पर पोस्ट किया करते थे. इसी वजह से उनके पुराने ट्वीट्स एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. हालांकि, अमिताभ बच्चन ने इस पूरे विवाद या यूजर्स के रिएक्शन पर बिल्कुल भी रिएक्ट नहीं किया.

काम के मोर्चे पर व्यस्त हैं बिग बी
वर्कफ्रंट की बात करें तो 83 साल के अमिताभ बच्चन जल्द ही टीवी के सबसे फेमस क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' को होस्ट करते नजर आएंगे. शो के लिए रजिस्ट्रेशन पहले ही पूरे हो चुके हैं और दर्शक इसके आने का इंतजार कर रहे हैं. इसके अलावा अमिताभ बच्चन फिल्म "कल्कि 2898 AD" के सीक्वल की शूटिंग में भी बिजी हैं. वहीं निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में वह जटायु की भूमिका निभाते दिखाई देंगे. इससे पहले वह तमिल सुपरहिट फिल्म "वेट्टाइयन" में रजनीकांत के साथ नजर आए थे.
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र की बायोपिक में कौन निभाएगा उनका किरदार? बॉबी देओल ने नहीं लिया अपना और सनी देओल का नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं