ईलू ईलू क्या है? ये ईलू ईलू क्या है?... क्या आप जानते हैं ईलू क्या है? लेकिन एक 35 साल पुराने गाने में इन्हीं लिरिक्स के साथ कविता कृष्णमूर्ति, उदित नारायण, सुखविंदर सिंह और मनहर उधास की आवाज के साथ गाना तैयार किया गया, जो 90 के दशक में छा गया. यहां तक कि एक एक्टर को रातोंरात मशहूर कर दिया और डेब्यू फिल्म से ही सलमान खान, आमिर खान और शाहरूख खान को टक्कर देने वाले एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हो गए. हालांकि अब वह बॉलीवुड से दूर टीवी की दुनिया में नजर आ रहे हैं. हम बात कर रहे हैं एक्टर विवेक मुशरान की.
विवेक मुशरन को रातोंरात मिली सफलता
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने 90 के दशक में कई ऐसे सितारे देखे, जिन्होंने अपनी मासूमियत और बेहतरीन कलाकारी के दम पर डेब्यू फिल्म से ही धमाल मचा दिया. उन्हीं कलाकारों में एक नाम विवेक मुशरान का है. विवेक मुशरान का जन्म 9 अगस्त 1969 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हुआ था. विवेक ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत 1991 में महज 21 की उम्र में सुभाष घई की फिल्म 'सौदागर' से की. विवेक को अपनी डेब्यू फिल्म से ही रातों-रात ऐसी सफलता मिली कि उनके सामने नई फिल्मों के ऑफर की झड़ी लग गई.
ईलू ईलू गाने में खूब किया गया पसंद
अभिनेता को अपने पहले ही फिल्म 'सौदागर' में दिलीप कुमार और राज कुमार जैसे दिग्गज और मंझे हुए कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला. इस फिल्म में उनकी जोड़ी अभिनेत्री मनीषा कोइराला के साथ थी और लोगों को मूवी का 'ईलू ईलू' गाना बेहद पसंद आया था. इस गाने को लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने कंपोज किया था. जबकि आनंद बख्शी ने लिखा था. वहीं कविता कृष्णमूर्ति, उदित नारायण, सुखविंदर सिंह और मनहर उधास की आवाज ने सुपरहिट बना दिया. वहीं गाने में ही शब्दों का मतलब साफ बताया गया है:“इलू का मतलब आई एल यू… इलू का मतलब आई लव यू”
विवेक मुशरन का शुरू हुआ फिल्मी दौर
पहली फिल्म की लाजवाब कामयाबी के बाद विवेक के सामने कई नई फिल्मों के ऑफर आते गए. उन्होंने 'राम जाने', 'फर्स्ट लव लेटर', 'प्रेम दीवाने', 'इंसानियत के देवता', 'सनम', 'मनचला' और 'बेवफा से वफा' जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन उनकी कोई भी फिल्म 'सौदागर' इतनी सफल नहीं रही. धीरे-धीरे लोगों के बीच अभिनेता का क्रेज कम होता गया और फिर उनके करियर में एक ऐसा समय आया कि उन्हें फिल्मों में लीड रोल मिलने बंद हो गए.
टीवी की दुनिया में भी दिए हिट शोज
कुछ समय बाद उन्हें वजन बढ़ने की वजह से फिल्मों में काम मिलना ही बंद हो गया. इसके बाद विवेक ने टेलीविजन इंडस्ट्री की ओर रुख किया और 'सोनपरी' जैसे लोकप्रिय धारावाहिक में रोहित का किरदार निभाया. इसके अलावा उन्होंने 'भास्कर भारती', 'बात हमारी पक्की है' और 'परवरिश' जैसे अन्य शोज में भी काम किया. इसके अतिरिक्त, अभिनेता ने 'किस्ना', 'तमाशा' और 'दो पत्ती' जैसी अन्य फिल्मों में भी अभिनय किया है. विवेक मुशरान 57वां जन्मदिन मनाने वाले हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं