फिल्मी दुनिया में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो रिलीज के साथ हिट होकर वक्त के साथ गायब नहीं होते, बल्कि पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों की जुबान पर बने रहते हैं. खासकर भक्ति गीतों की बात करें तो इनकी पॉपुलेरिटी अलग ही होती है. ऐसा ही एक गीत 51 साल पहले फिल्मी पर्दे पर आया था. इसकी धुन आज भी सुनते ही मन शांत होने लगता है और भगवान राम की याद आ जाती है. दिलचस्प बात ये है कि इस गीत का सफर सिर्फ एक फिल्म तक सीमित नहीं रहा. टीवी की सबसे पॉपुलर रामायण से लेकर प्रभास की 'आदिपुरुष' तक में इसकी गूंज सुनाई दी.
फिल्म से ज्यादा हिट हो गया था ये भक्ति गीत
हम बात कर रहे हैं श्रीरामचरितमानस की मशहूर चौपाई'मंगल भवन अमंगल हारी' की. आज शायद ही कोई ऐसा हो जिसने इस चौपाई को न सुना हो. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये रामानंद सागर की 'रामायण' के लिए नहीं, बल्कि उससे करीब 12 साल पहले एक फिल्म के लिए तैयार किया गया था? साल 1975 में सचिन पिलगांवकर और सारिका की फिल्म 'गीत गाता चल' रिलीज हुई थी. इसी फिल्म में चौपाई 'मंगल भवन अमंगल हारी' को शामिल किया गया था. चौपाई के साथ गीत को संगीतकार रविंद्र जैन ने तैयार किया था और इसकी धुन भी उन्होंने ही बनाई थी. वहीं जसपाल सिंह ने इसे अपनी आवाज दी थी. जसपाल सिंह को सचिन पिलगांवकर की आवाज के तौर पर भी पहचाना जाता था. गाना रिलीज हुआ तो लोगों को इसकी धुन और भक्ति से भरे बोल खूब पसंद आए. रेडियो पर ये लगातार बजने लगा और धीरे धीरे हर घर में इसकी गूंज सुनाई देने लगी. हालत ये थी कि कई लोगों के लिए ये गीत फिल्म से भी ज्यादा यादगार बन गया.
'रामायण' से 'आदिपुरुष' तक चलता रहा जादू
'मंगल भवन अमंगल हारी' चौपाई की पॉपुलेरिटी यहीं नहीं रुकी. साल 1987 में जब रामानंद सागर की 'रामायण' टीवी पर आई, तब इस चौपाई को भी शो में जगह मिली. इस बार रविंद्र जैन ने इसके बोल और धुन पर काम किया और इसे अपनी आवाज भी दी. इसके बाद 1977 में आई फिल्म 'दुल्हन वही जो पिया मन भाये' में भी इस चौपाई का इस्तेमाल किया गया. इसे हेमलता ने गाया था और संगीत रविंद्र जैन का था. करीब पांच दशक बाद 2023 में ओम राउत की फिल्म 'आदिपुरुष' में भी 'मंगल भवन अमंगल हारी' को नए अंदाज में पेश किया गया. फिल्म के लिए चौपाई की धुन और बोल को रीक्रिएट किया गया और सचेत-परंपरा ने इसे अपनी आवाज दी.
ये भी पढ़ें; जब गोविंदा की पर्सनल बातें और अमीर हो गए थे ड्राइवर, देव आनंद ने उनको खरीदकर दिए बंगले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं