बॉलीवुड में कुछ तारीखें सितारों के लिए लकी साबित होती हैं. अजय देवगन के लिए 19 फरवरी ऐसी ही खास तारीख मानी जाती है. दिलचस्प बात ये है कि इसी दिन रिलीज हुई उनकी दो फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफोर्म किया और उन्हें अलग पहचान दिलाई. 90 के दशक में जब अजय अपने करियर को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे थे. तब 19 फरवरी को आई फिल्मों ने उनकी स्टार इमेज को और पुख्ता किया. आइए जानते हैं उन दो फिल्मों के बारे में. जिन्होंने इस तारीख को अजय देवगन के लिए खास बना दिया.
ये भी पढ़ें: ये क्या हुआ! रिलीज से पहले लीक हुई टॉक्सिक की कहानी, इस रोल में नजर आएंगे सुपरस्टार यश
कच्चे धागे (1999)
मिलन लुथरिया के निर्देशन में बनी कच्चे धागे 19 फरवरी 1999 को रिलीज हुई थी. इस फिल्म में अजय देवगन के साथ सैफ अली खान और मनीषा कोइराला नजर आए थे. फिल्म की कहानी दो सौतेले भाइयों के इर्द गिर्द घूमती है. जिनके रिश्ते में कड़वाहट है. लेकिन हालात उन्हें साथ खड़े होने पर मजबूर कर देते हैं. राजस्थान के रेगिस्तानी बैकड्रॉप और दमदार एक्शन ने फिल्म को अलग पहचान दी. अजय देवगन के इंटेंस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म का म्यूजिक भी हिट रहा. उस दौर में ये फिल्म करीब 10 करोड़ में बनी थी. फिल्म के विकिपीडिया पेज के मुताबिक फिल्म ने 28 करोड़ रु. का कलेक्शन किया था.
दिव्य शक्ति (1993)
19 फरवरी 1993 को रिलीज हुई दिव्य शक्ति अजय देवगन के करियर की शुरुआती फिल्मों में से एक थी. ये एक एक्शन ड्रामा फिल्म थी. जिसमें अजय ने एक ऐसे युवक का किरदार निभाया था जो अन्याय के खिलाफ खड़ा होता है. फिल्म में उनके साथ रवीना टंडन नजर आई थीं. 90 के दशक में एक्शन फिल्मों का दौर था और अजय देवगन अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन सीक्वेंस की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहे थे. दिव्य शक्ति ने भी इस इमेज को मजबूत किया. फिल्म ज्यादा पुरानी होने की वजह से इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का ठीक ठीक अंदाजा लगाना मुश्किल है. हालांकि कुछ वेबसाइट्स ने दावा किया है कि फिल्म ने 2 करोड़ तक की कमाई की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं