आजकल नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में साई पल्लवी के सीता बनने को लेकर काफी चर्चा हो रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हिंदी सिनेमा में एक ऐसी एक्ट्रेस भी रही हैं, जिन्हें सीता का किरदार निभाने पर काफी विवादों का सामना करना पड़ा था? हम बात कर रहे हैं मशहूर एक्ट्रेस शोभना समर्थ की. उन्होंने 1948 में आई फिल्म 'रामबाण' में सीता का किरदार निभाया था. खास बात यह थी कि उस समय वह आठ महीने की प्रेग्नेंट थीं. उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर उस दौर में काफी हंगामा हुआ था. यहां तक कि एक फिल्म मैगजीन के संपादक ने फिल्म के बहिष्कार की मांग तक कर दी थी.
8 महीने की प्रेग्नेंसी में निभाया था सीता का किरदार
शोभना समर्थ अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्रियों में शामिल थीं. उन्हें पर्दे पर सीता के किरदार के लिए खास पहचान मिली थी. उन्होंने सबसे पहले 1942 में विजय भट्ट की फिल्म 'भरत मिलाप' में सीता की भूमिका निभाई थी. इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया. इसके बाद 1943 में वह 'राम राज्य' में भी सीता के रूप में नजर आईं.
लेकिन 1948 में आई फिल्म 'रामबाण' उनके लिए विवाद की वजह बन गई. इस फिल्म की शूटिंग के दौरान शोभना आठ महीने की गर्भवती थीं. यही बात उस समय कुछ लोगों को पसंद नहीं आई और उनके किरदार को लेकर सवाल उठने लगे.
फिल्म मैगजीन के संपादक ने की थी आलोचना
उस दौर की मशहूर फिल्म मैगजीन 'फिल्म इंडिया' के संपादक बाबूराव पटेल ने शोभना समर्थ के सीता बनने पर कड़ी आपत्ति जताई थी. उन्होंने अपने रिव्यू में लिखा था कि प्रेग्नेंट महिला का सीता का किरदार निभाना उस पवित्र छवि के अनुरूप नहीं है, जिसे लोग माता सीता से जोड़कर देखते हैं.
उन्होंने शोभना की उम्र और शारीरिक बनावट पर भी कमेंट किया. बाबूराव पटेल का मानना था कि वह सीता के किरदार के लिए सही नहीं हैं. उन्होंने तो यहां तक कहा था कि हिंदू दर्शकों को इस फिल्म का बहिष्कार करना चाहिए. उनका तर्क था कि फिल्म देखने वाले बच्चों के मन में यह गलत धारणा बन सकती है कि वनवास के दौरान माता सीता गर्भवती थीं.
'राम राज्य' से नहीं दोहरा पाई थीं सफलता
शोभना समर्थ और निर्देशक विजय भट्ट की जोड़ी ने 'भरत मिलाप' और 'राम राज्य' से काफी लोकप्रियता हासिल की थी. खास बात यह है कि महात्मा गांधी को भी फिल्म 'राम राज्य' पसंद आई थी. बताया जाता है कि उन्होंने अपने जीवन में यही एक फिल्म देखी थी.
वहीं, 'रामबाण' की कहानी रामायण के उन हिस्सों पर आधारित थी, जिनमें रावण द्वारा सीता के अपहरण से पहले की घटनाएं दिखाई गई थीं. इसमें शूर्पणखा और लक्ष्मण का प्रसंग भी शामिल था. फिल्म में राम और लक्ष्मण की हनुमान तथा सुग्रीव से मुलाकात की कहानी भी दिखाई गई थी.
यह भी पढ़ें | Ramayana ने पुष्पा 2 को छोड़ा पीछे, ऑस्कर में मिली एंट्री! रणबीर, नमित, नितेश तिवारी ने बंगला साहिब में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं