मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की नई फिल्म Avengers: Doomsday ने एडवांस बुकिंग खुलते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. क्रेज देखिए कि अभी फिल्म रिलीज होने में पूरे पांच महीने बाकी हैं लेकिन मार्वल फैन्स ने अभी से टिकटें बुक करवा ली हैं. फिल्म मेकर्स की स्ट्रैटेजी देखिए कि एक्साइटमेंट बनाई रखने के लिए उन्होंने ट्रेलर रिलीज के साथ ही फिल्म के लिए एडवांस बुकिंग भी खोल दी. इस लिमिटेड एडवांस टिकट बुकिंग में फिल्म ने अच्छे अच्छों के रिकॉर्ड तोड़ दिए.
ट्रेलर लॉन्च के महज 12 घंटे के अंदर अमेरिका के चुनिंदा सिनेमाघरों में ‘इनफिनिटी विजन' फॉर्मेट की टिकटों की सेल से फिल्म ने 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 96 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली. इस धमाकेदार नंबर के साथ इसने अपने पहले की कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए.
‘द ओडिसी' के बाद मार्केट में नया हंगामा
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी' इन दिनों दर्शकों को खूब पसंद आ रही है. रिलीज के तीन दिनों में इसने भारत में 69 करोड़ रुपये से ज्यादा की कलेक्शन कर ली थी. इसी बीच ‘एवेंजर्स: डूम्सडे' ने भी अपनी धमक दिखा दी है. इससे पहले भी मार्वल फिल्मों को देश में काफी प्यार मिला है. अब नई फिल्म को मिली धमाकेदार ओपनिंग ने भारत में भी इसकी अच्छी कमाई की हिंट दी है.
रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी वाली इस फिल्म का ट्रेलर सोमवार (20 जुलाई) को रिलीज हुआ था. इसके बाद तुरंत लिमिटेड प्री-सेल शुरू की गई. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इतने कम समय में इतनी बड़ी रकम जुटाना बॉक्स ऑफिस के लिए नया रिकॉर्ड है.
‘इनफिनिटी विजन' फॉर्मेट की खासियत
डिज्नी IMAX का मुकाबला करने के लिए ‘इनफिनिटी विजन' नाम का नया प्रीमियम फॉर्मेट लाया है. इस साल मार्वल की कुछ बड़ी फिल्मों को IMAX स्क्रीन्स नहीं मिल पाई थीं, इसलिए कंपनी ने अपना ऑप्शन तैयार किया. ‘एवेंजर्स: डूम्सडे' इसी फॉर्मेट में रिलीज होगी, जो दर्शकों को शानदार विजुअल एक्सपीरियंस देगा. फिल्म की टक्कर ड्यून: पार्ट थ्री से होने वाली है. दोनों फिल्मों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं