मलयालम सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी कॉमर्शियल हिट 'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' अब घर बैठे देखने को मिलेगी. निविन पॉली (उम्र 41 साल) और ममिथा बैजू (उम्र 25 साल) स्टारर फिल्म जियोहॉटस्टार पर रिलीज होने जा रही है. फिल्म 2 अक्तूबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी. यह रिलीज मलयालम के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में उपलब्ध होगी. 21 अगस्त 2026 को ओणम के मौके पर थिएटर में रिलीज हुई इस रोमांटिक कॉमेडी ने दर्शकों से लेकर समीक्षकों तक का दिल जीता.
फिल्म का निर्देशन गिरीश ए.डी. ने किया है, जिन्होंने इससे पहले प्रेमालु जैसी सुपरहिट फिल्म दी थी. इसका निर्माण भावन स्टूडियोज के बैनर तले फहद फासिल, दिलेश पोटन और श्याम पुष्करण ने किया. कहानी गिरीश ए.डी. और किरण जोसी की है और म्यूजिक संगीत विश्व विजय का है.
'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' में निविन पॉली जस्टिन डेविस के किरदार में हैं, जिन्हें उनके मोहल्ले में ‘एमपी3 किंग' कहा जाता है. ममिथा बैजू एशली हैं, जो परिवार के साथ मुंडकायम से करुकुट्टी के नए मोहल्ले में शिफ्ट होती हैं. दोनों के बीच उम्र का फासला है और रिश्ता परिवार, पड़ोस और समाज की नजरों के बीच पनपता है. कहानी पहले प्यार, दूसरे मौके और उस प्यार की है जिसे सहजकर रखना पड़ता है.
'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' का बॉक्स ऑफिस सफर भी कमाल का रहा है. आईएमडीबी के मुताबिक, फिल्म का बजट लगभग 25 करोड़ रुपये रहा है जबकि इसने दुनियाभर में 324 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. फिल्म ने केरल से अकेले 150 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया. यह मलयालम की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई और 2026 की भारत की शीर्ष फिल्मों में शुमार हुई. फिल्म 4 सितंबर को तमिल और तेलुगु डब वर्जन भी थिएटर में आए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं