भारत के मशहूर ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा अपने पॉडकास्ट 'गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज' के नए सीजन के साथ वापस आ गए हैं. इस सीरीज में मशहूर सिंगर्स, कंपोजर्स और म्यूजिक के दिग्गज अपनी क्रिएटिव जर्नी, इंस्पिरेशन और उन अनसुनी कहानियों के बारे में बात करते हैं, जिन्होंने कई पीढ़ियों के म्यूजिक को यादगार बनाया है. इस बार के लेटेस्ट एपिसोड में अमित त्रिवेदी नजर आए. लेटेस्ट एपिसोड में बातचीत के दौरान अमित त्रिवेदी ने बताया कि म्यूजिक कंपोजर के रूप में उन्होंने जो करियर की शुरुआत की उसमें उन्हें लगातार सफलता मिल रही थी. लेकिन इमरान खान और करीना कपूर खान स्टारर फिल्म ‘एक मैं और एक तू' (2012) पर काम करते समय उन्हें असलियत का एहसास हुआ.
अमित त्रिवेदी ने इस बारे में बात करते हुए कहा, “‘देव डी' के लिए मैंने 18 गाने बनाए थे और सभी चुन लिए गए. आमिर के साथ भी ऐसा ही हुआ. वहां 5 गानों की जरूरत थी और मैंने सिर्फ 5 गाने बनाए, वो भी सभी चुन लिए गए. इसके बाद ‘उड़ान' (2010) में भी ऐसा ही हुआ. मुझे लगने लगा था कि वाह, शायद यहां ऐसे ही होता होगा. यह इंडस्ट्री तो कमाल की है (हंसते हुए). लेकिन फिर करण जौहर मेरी जिंदगी में आए और मुझे ऐसा झटका लगा, जिसे मैं कभी नहीं भूल सकता. उसी समय मेनस्ट्रीम बॉलीवुड से भी मेरा लाइफ में आया.”
उन्होंने आगे समझाते हुए कहा, “मैंने शकुन बत्रा की फिल्म ‘एक मैं और एक तू' साइन की थी, जिसे करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे थे. फिल्म पर काम करते समय मैंने खुद से पूछा, ‘ये क्या हो रहा है?' मेरा अब तक का एक्सपीरियंस इससे बिल्कुल अलग था. तब तक मैं 5-6 फिल्मों में काम कर चुका था, जिसमें करण जौहर की ‘वेक अप सिड' (2009) का गाना ‘इकतारा' भी शामिल था. वह गाना भी एक ही बार में बन गया था. सब कुछ आसानी से हो रहा था. लेकिन ‘एक मैं और एक तू' के दौरान तो मेरे नक्षत्र ही बदल गए! मेरा हर गाना रिजेक्ट हो जाता था. अगर शकुन को कोई गाना पसंद आता, तो करण सर को पसंद नहीं आता और अगर करण सर को पसंद आता, तो शकुन को नहीं भाता और मुझे कुछ समझ ही नहीं आ रहा था!”
अमित त्रिवेदी ने खुलासा करते हुए कहा, “उस समय मैं बहुत कमजोर और दुखी महसूस कर रहा था. मैं रो भी पड़ा था. मुझे खुद पर शक होने लगा था. मैं खुद से पूछता था, ‘क्या मैं इतना अच्छा नहीं हूं? क्या मुझे अच्छा म्यूजिक बनाना नहीं आता? लेकिन फिर मैंने इतनी सारी फिल्मों में काम कैसे किया? मेरी कई फिल्मों के गाने हिट भी हुए थे तो फिर परेशानी मुझमें नहीं है, कहीं और है. लेकिन करण सर को भी इस इंडस्ट्री का काफी एक्सपीरियंस है.” गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज' के जरिए कोमल नाहटा भारतीय सिनेमा और म्यूजिक से जुड़ी बातचीत को एक नए अंदाज में सामने ला रहे हैं. 'गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज' के लेटेस्ट एपिसोड को यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं