भोजपुरी फिल्मों के तो क्या ही कहने. किस तरह जिंदगी से जुड़ी बातें हल्के-फुल्के अंदाज में कह जाती हैं, इसमें उनका कोई मुकाबला नहीं. तभी तो पारिवारिक रिश्तों और सास बहू की तकरार वाली फिल्म में हॉरर का कुछ ऐसा छौंक लगा दिया की फिल्म ने यूट्यूब पर रिलीज के तीन दिन के अंदर ही गर्दा उड़ाकर रख दिया. हम बात कर रहे हैं भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस काजल राघवानी (Kajal Raghwani) की फिल्म 'पिया का घर' की जो यू्ट्यूब पर रिलीज हो गई है. एसआरके म्यूजिक के बैनर तले बनी इस फिल्म के में पारिवारिक रिश्तों, सास-बहू के बीच होने वाली तकरार और बदलते सामाजिक सरोकारों के साथ हॉरर का मजेदार छौंक है. आइए जानते हैं यूट्यूब पर क्या कमाल कर रही फिल्म, कौन है फिल्म के सितारे और काजल राघवानी रिलीज से पहले क्या कहा था?
यूट्यूब पर छाई काजल राघवानी की 'पिया का घर'
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी और रितेश उपाध्याय की फिल्म 31 अक्तूबर 2026 को यूट्यूब चैनल एसआरके म्यूजिक पर रिलीज हुई थी. फिल्म को तीन दिन के अंदर ही 52 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए हैं. जबकि 36 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं. जब भोजपुरी मूवी का ट्रेलर रिलीज हुआ था उस समय काजल राघवानी ने फिल्म को अपने लिए बेहद खास बताते हुए कहा था कि "इसकी कहानी सीधे परिवार और रिश्तों से जुड़ी है. सास-बहू के रिश्ते में होने वाले भावनात्मक उतार-चढ़ाव को फिल्म में खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है."
ये भी पढ़ें: 'दीदी तेरा देवर दीवाना' पर बना भोजपुरी गाना, नीलकमल ने गाया 'पगली देखावे अगरबती' तो मिले 396 मिलियन व्यूज
'पिया का घर' पर यूट्यूब रिएक्शंस
फिल्म रिलीज के बाद भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी की यह बात साबित हो गई है. यूट्यूब पर फैन्स के जो रिएक्शन आ रहे हैं, उनमें यही बात कही भी जा रही है. एक फैन ने कमेंट में कहा है, 'काजल राघवानी के जैसा किसी भी इंडस्ट्री में कोई नहीं है. काजल राघवानी ही जुबली स्टार है. काजल राघवानी पावर स्टार हैं ओर काजल राघवानी ही सुपरस्टार हैं.' एक कमेंट और आया है जिसमें लिखा है कि ऐसी मूवी भोजपुरी वाले ही बना सकते हैं, जो दिल को अंदर से रुला देती है. इस तरह फिल्म को लेकर खूब तारीफें हो रही हैं.
काजल राघवानी 'पिया का घर' फुल मूवी
पिया का घर की स्टारकास्ट
संजय श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी भोजपुरी मूवी 'पिया का घर' में काजल राघवानी और रितेश उपाध्याय के साथ पारुल ठाकुर, समर्थ चतुर्वेदी, संजय पांडेय, रीना रानी, संजीव मिश्रा, प्रेम दुबे, सृष्टि पाठक, काजल श्रीवास्तव, रीमा पाल सिंह और सोनी राज हैं. फिल्म की पटकथा सुरेंद्र मिश्रा और विवेक मिश्रा ने लिखी है, जबकि संगीत ओम झा का है. गीत मनोज भावुक, धरम हिंदुस्तानी, पिंकू बाबा और शानदारजी ने लिखे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं