मुजफ्फराबाद (PoK): पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में मारे गए खूंखार आतंकी बुरहान हमजा का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. यह वीडियो न सिर्फ उसके दोहरे चरित्र की पोल खोलता है, बल्कि इस बात का भी सबूत है कि कैसे मासूमों को मौत के कुएं में धकेलने वाले आतंकी खुद ऐशो-आराम की जिंदगी जीते हैं.
'स्कूल' की आड़ में आतंक की पाठशाला
सामने आए एक्सक्लूसिव वीडियो में बुरहान हमजा खुलेआम नौजवानों और मासूम बच्चों को 'जिहाद' का जहरीला पाठ पढ़ाता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो PoK के मुजफ्फराबाद का है. हैरानी की बात यह है कि समाज की आंखों में धूल झोंकने के लिए हमजा एक स्कूल में प्रिंसिपल का काम करता था, लेकिन हकीकत में उसका असली काम शिक्षा के मंदिर को 'आतंक की पाठशाला' में तब्दील करना था. वह लगातार नौजवानों का ब्रेन वॉश करके उन्हें जिहाद के लिए उकसा रहा था.
दूसरों को 'जिहाद', खुद के लिए लग्जरी कारें
एक तरफ हमजा गरीब और मासूम बच्चों को गुमराह कर रहा था, तो दूसरी तरफ खुद एक राजा जैसी जिंदगी जी रहा था. सामने आए एक अन्य वीडियो में यह खूंखार आतंकी एक बेहद महंगी और लग्जरी कार ड्राइव करता हुआ नजर आ रहा है. जानकारी के मुताबिक, आतंकी गतिविधियों, मासूमों की जान का सौदा और ब्लैकमेलिंग से हमजा ने करोड़ों की काली कमाई की थी. इसी खून से सनी कमाई के जरिए उसने अपने लिए कई लग्जरी गाड़ियां और आलीशान बंगले खड़े कर लिए थे.
पाप का घड़ा भरा और हुआ खौफनाक अंत
दूसरों के घरों के चिराग बुझाने वाले हमजा का अंत भी बेहद भयानक हुआ. कल ही PoK में उसकी इस 'लग्जरी' और खौफनाक जिंदगी का 'गेम ओवर' हो गया. अज्ञात हमलावरों ने उसे सरेआम अपना निशाना बनाया और ताबड़तोड़ 3 गोलियां दाग दीं. गोलियां लगने के बाद हमजा मौके पर ही ढेर हो गया.