Twisha Sharma Death Case Update: ट्विशा मामले की जांच करेगी CBI, भाई ने क्या-कुछ बताया?

ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में लगातार संघर्ष कर रहे परिवार को आखिरकार एक बड़ी राहत मिली है. प्रदेश सरकार ने इस केस में CBI जांच की सिफारिश करते हुए केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया है. इस फैसले के बाद पीड़ित परिवार में न्याय की नई उम्मीद जगी है.

ट्विशा के भाई ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह उनकी अकेले की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों के समर्थन का परिणाम है. उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से देशभर से मिल रहे समर्थन और मीडिया के दबाव के चलते ही सरकार को यह कदम उठाना पड़ा.

परिवार का दर्द और संघर्ष
ट्विशा के भाई ने उस दर्दनाक पल को याद करते हुए बताया कि जब उनकी बहन की शादी हुई थी, तब उन्होंने खुद उसे गोद में उठाकर विदा किया था. लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि आगे क्या होने वाला है.
उन्होंने कहा कि पिछले 11 दिनों से परिवार लगातार न्याय की लड़ाई लड़ रहा है. कभी कोर्ट, कभी पुलिस कमिश्नर ऑफिस, कभी थाने के चक्कर लगाकर परिवार ने हर दरवाजा खटखटाया.

अभी भी मोर्चरी में रखा है शव
इस पूरे मामले में एक बड़ा पहलू यह भी है कि ट्विशा का शव अभी भी भोपाल AIIMS की मोर्चरी में रखा हुआ है. परिवार ने दूसरे पोस्टमार्टम की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर सुनवाई जारी है. परिजनों का कहना है कि हर घंटा इस मामले में बेहद अहम है और जांच में देरी से सबूत प्रभावित हो सकते हैं.

जमानत पर भी सवाल
परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों को मिली जमानत पूरी तरह गलत और बेबुनियाद है. उन्होंने कोर्ट में जमानत रद्द करने की अपील भी दायर की है.
ट्विशा के भाई ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक परिवार का नहीं रह गया है, बल्कि पूरे देश का मामला बन चुका है और इसमें शामिल हर व्यक्ति पर कार्रवाई होनी चाहिए.

साजिश और दबाव के आरोप
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली लोगों का दखल रहा है. उन्होंने दावा किया कि कोर्ट बदलने और फैसलों पर असर डालने की कोशिश की गई.
उनके मुताबिक, इस पूरे मामले की गहराई से जांच होना जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

सरकार को धन्यवाद, लेकिन देर का दर्द
ट्विशा के भाई ने राज्य सरकार के इस कदम के लिए आभार जताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अगर शुरुआत में ही सख्ती दिखाई जाती तो शायद यह स्थिति नहीं बनती.
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि भविष्य में ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े.

जनता और मीडिया की भूमिका
परिवार ने साफ कहा कि यह लड़ाई इसलिए आगे बढ़ पाई क्योंकि मीडिया और आम लोगों ने उनका साथ दिया. तपती गर्मी में लगातार प्रदर्शन और आवाज उठाने का ही नतीजा है कि अब मामला CBI जांच तक पहुंचा है.
 

संबंधित वीडियो