वैभव को भगवान ने बनाकर भेजा है, स्पेशल टैलेंट है: किरण मोरे

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विकेटकीपर किरण मोरे ने टेनिस बॉल क्रिकेट और युवा टैलेंट को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भारत में ज्यादातर क्रिकेटरों की शुरुआत टेनिस बॉल से ही होती है और यही सबसे मजबूत बेस तैयार करता है. एक बातचीत के दौरान किरण मोरे ने ‘बियॉन्ड रीच प्रीमियर लीग’ जैसे टूर्नामेंट्स की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि यह एक अलग तरह का प्लेटफॉर्म है, जहां छुपा हुआ टैलेंट सामने आता है. उन्होंने साफ कहा कि भारत में टैलेंट की कमी नहीं है, बस उसे पहचानने और सही दिशा देने की जरूरत है.


टेनिस बॉल क्रिकेट की अहमियत
मोरे ने कहा कि टेनिस बॉल क्रिकेट से खिलाड़ी बेसिक्स बहुत अच्छे से सीखते हैं. उन्होंने बताया:

टेनिस बॉल से खिलाड़ियों की गलतियां जल्दी सुधरती हैं.
कोचिंग में भी आज वह टेनिस बॉल का इस्तेमाल करते हैं.
छोटे बच्चों से लेकर सीनियर खिलाड़ियों तक को इससे ट्रेनिंग दी जाती है.

उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी समेत कई बड़े खिलाड़ियों ने भी टेनिस बॉल से ही शुरुआत की थी.

बियॉन्ड रीच प्रीमियर लीग पर क्या बोले?
किरण मोरे के मुताबिक, यह लीग अलग है क्योंकि इसमें जमीनी स्तर से टैलेंट सामने आता है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म से खिलाड़ी स्टेट लेवल, रणजी ट्रॉफी और यहां तक कि IPL तक पहुंच सकते हैं.
उन्होंने कहा कि आज भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो छोटे शहरों और कस्बों में छिपे हुए हैं, लेकिन मौका मिलने पर बड़ा नाम बना सकते हैं.

वैभव सूर्यवंशी पर बड़ी भविष्यवाणी
किरण मोरे ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि:

वैभव एक “बहुत ही स्पेशल टैलेंट” हैं.
ऐसे खिलाड़ी 10-20 साल में एक बार आते हैं.
उन्हें ज्यादा दबाव में नहीं डालना चाहिए.

उन्होंने सचिन तेंदुलकर और धोनी जैसे दिग्गजों का उदाहरण देते हुए कहा कि असली टैलेंट समय के साथ खुद साबित होता है.

बिहार में टैलेंट की ‘भूख’
मोरे ने खास तौर पर बिहार क्रिकेट के बारे में कहा कि वहां के खिलाड़ियों में जबरदस्त भूख है. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक वहां क्रिकेट के मौके सीमित रहे, लेकिन अब वहां से भी अच्छी प्रतिभाएं निकल रही हैं.

IPL और भारतीय क्रिकेट पर राय
IPL को लेकर किरण मोरे ने कहा कि इस समय कई टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं, जैसे गुजरात टाइटंस, पंजाब, सनराइजर्स और RCB. उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत है.

टेस्ट क्रिकेट पर चिंता और उम्मीद
भारतीय टेस्ट क्रिकेट को लेकर उन्होंने कहा कि टीम फिलहाल ट्रांजिशन फेज में है. उन्होंने कहा:

टेस्ट मैच जीतने के लिए 20 विकेट जरूरी होते हैं.
भारत को और बेहतर गेंदबाज तैयार करने की जरूरत है.
यह फेज जल्द खत्म होगा और टीम मजबूत होकर लौटेगी.