Patna Metro: आज से मलाही पकड़ी तक दौड़ेगी पटना मेट्रो, जानिए रूट, किराया, टाइमिंग और जरूरी बातें

पटना में मेट्रो से सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब शहर के और ज्यादा इलाकों तक मेट्रो की पहुंच बढ़ने जा रही है. आज से मेट्रो मलाही पकड़ी स्टेशन तक चलेगी. आइए जानते हैं रूट, कितना समय लगेगा और क्या रहेगी टाइमिंग-

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पटना मेट्रो का विस्तार आज से, अब 5 स्टेशनों तक मिलेगी सुविधा
(P.C- NDTV)

पटना के लोगों के लिए अच्छी खबर है. आज यानी 2 जुलाई से पटना मेट्रो का विस्तार हो रहा है. आज सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उद्घाटन और मेट्रो सेवा विस्तार का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद मेट्रो सेवा मलाही पकड़ी स्टेशन तक शुरू कर दी जाएगी. पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इसे लेकर अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जानकारी दी है.  साथ ही बताया है कि उद्घाटन कार्यक्रम के कारण आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी. इसके बाद शाम 4 बजे से मलाही पकड़ी स्टेशन तक नियमित मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी.

अब इन 5 स्टेशनों तक चलेगी मेट्रो

मलाही पकड़ी स्टेशन शुरू होने के बाद अब प्राथमिक कॉरिडोर पर मेट्रो का दायरा बढ़ जाएगा. फिलहाल इस रूट पर यात्रियों को इन स्टेशनों तक सफर की सुविधा मिलेगी.

  • मेट्रो बैरिया (न्यू आईएसबीटी) से शुरू होकर
  • जीरो माइल
  • भूतनाथ
  • खेमनीचक और 
  • मलाही पकड़ी स्टेशन तक जाएगी. 

हालांकि, भूतनाथ और जीरो माइल के बीच बनने वाला खेमनीचक स्टेशन अभी तैयार नहीं हुआ है. इसलिए फिलहाल वहां मेट्रो नहीं रुकेगी.

कितना समय लगेगा और क्या रहेगी टाइमिंग?

न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक की कुल दूरी करीब 6.2 किलोमीटर है, जिसे मेट्रो लगभग 16 मिनट में पूरा करेगी. आज उद्घाटन समारोह की वजह से सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मेट्रो सेवा बंद रहेगी. इसके बाद शाम 4 बजे से नियमित सेवा शुरू कर दी जाएगी. सामान्य दिनों में मेट्रो सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी. फिलहाल इस रूट पर एक ही ट्रेन चल रही है, इसलिए हर 35 मिनट पर मेट्रो मिलेगी.

Advertisement

कितना होगा किराया?

पटना मेट्रो का किराया दूरी के हिसाब से तय किया गया है.

  • न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक सफर करने पर 30 रुपये किराया देना होगा. यह इस रूट का सबसे अधिक किराया है.
  • न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ तक जाने के लिए 15 रुपये का टिकट लगेगा.
यात्रियों के लिए जरूरी बातें

फिलहाल इस कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन सिंगल ट्रैक पर किया जा रहा है. अगर यात्रा के दौरान किसी तरह की मदद चाहिए, तो यात्री स्टेशन कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9217080421 या पटना मेट्रो हेल्पलाइन 155370 पर संपर्क कर सकते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा, फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो ट्रैक, जानिए पूरा प्लान

Featured Video Of The Day
चुटूपालु घाटी में 2 किमी तक वाहनों को रौंदता चला गया बेकाबू ट्रक
Topics mentioned in this article
Patna
Patna News
Utility News