कैटरीना कैफ और आदित्य रॉय कपूर पर फिल्माया गया ये फितूर मेरा गाना तो आपको याद ही होगा, जो 2016 में आई फिल्म फितूर का है. वहीं अरिजीत सिंह ने इस गाने को आवाज दी. जबकि अमित त्रिवेदी के संगीत ने इसे पॉपुलर कर दिया. लेकिन अब इसी की तर्ज पर अमित त्रिवेदी ने सिंगर दृधा के साथ ये फितूर तेरा सीरियल टाइटल ट्रैक को आवाज दी, जिसका प्रीमियर 5 अगस्त को हुआ है. इस शो की कहानी में कॉलेज की गलियों में पनपती पहली मोहब्बत, कैंटीन की मस्ती, दोस्तों के साथ बिताए यादगार पल और दो अलग-अलग व्यक्तित्वों की मुलाकात... देखने को मिली. आइए आपको बताते हैं इसके पहले एपिसोड के बारे में बताते हैं.
कैसा था ये फितूर तेरा का पहला एपिसोड
'ये फितूर तेरा' का पहला एपिसोड एक फ्रेश और दिल छू लेने वाली शुरुआत करता है. फर्स्ट एपिसोड में अपने किरदारों और उनकी दुनिया को समझाने पर ध्यान देता है, जिससे कहानी सहज और जुड़ाव भरी लगती है. पहले एपिसोड में जीत और सौम्या की मुलाकात होती है, जो एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. जीत बेखौफ, आत्मविश्वासी और अपनी भावनाओं को छिपाने वाला लड़का है, वहीं सौम्या शांत, मासूम और नई कॉलेज लाइफ को लेकर उत्साहित है. जीत के किरदार में इशान धवन अपनी दमदार स्क्रीन प्रेज़ेंस, रफ लुक और इंटेंस अंदाज से प्रभावित करते हैं. उनका किरदार दर्शकों को इंटेंस रोमांटिक हीरोज़ की याद दिला सकता है, लेकिन जीत की अपनी अलग भावनात्मक परतें हैं. वहीं, देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने सौम्या की सादगी और मासूमियत को बेहद खूबसूरती से पेश किया है. दोनों की अलग-अलग पर्सनैलिटी के बीच की केमिस्ट्री एपिसोड की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आती है.
ये फितूर तेरा की कहानी
शो का कॉलेज बैकड्रॉप, यंग वाइब और खूबसूरत सिनेमैटोग्राफी कहानी को एक फ्रेश एहसास देते हैं. मेकर्स ने पहले एपिसोड में ड्रामा से ज्यादा किरदारों को स्थापित करने पर ध्यान दिया है, जो कहानी को मजबूत बनाता है. हालांकि, तेज़ रफ्तार और बड़े ट्विस्ट की उम्मीद रखने वाले दर्शकों को शुरुआत थोड़ी धीमी लग सकती है. कुल मिलाकर, 'ये फितूर तेरा' का पहला एपिसोड प्यार, दोस्ती और कॉलेज की यादों से भरी एक खूबसूरत शुरुआत करता है, जो आगे की कहानी के लिए उत्सुकता बढ़ाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं