रियलिटी शो ‘लॉक अप 2' में हिस्सा लेने के बाद से अभिनेता राम कपूर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. कभी अपनी बेबाक टिप्पणियों की वजह से तो कभी शो में किए गए व्यवहार को लेकर वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं. हाल ही में उनका नाम फिर विवादों में आ गया, जब शो की कंटेस्टेंट पामेला सेरेना के साथ उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे. इन तस्वीरों को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स ने राम कपूर की हरकतों पर सवाल उठाए, जबकि इसी बीच उनकी पत्नी गौतमी कपूर ने एक बार फिर पति के समर्थन में पोस्ट शेयर कर साफ कर दिया कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी हैं.
पामेला सेरेना के साथ वायरल हुई तस्वीरों पर मचा बवाल
शो के हालिया एपिसोड में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. बताया गया कि पामेला सेरेना को सेट पर चूहा दिखाई देने का भ्रम हुआ, जिसके बाद वह घबरा गईं और रोने लगीं. इस दौरान राम कपूर उन्हें शांत कराने और संभालने की कोशिश करते नजर आए. वायरल तस्वीरों में वह पामेला को पकड़कर दिलासा देते दिखाई दे रहे हैं.
Ram Kapoor is a real Player of Lock Upp House 🤣🤣
— Miss Filmy (@MissFilmyAddict) July 7, 2026
Mauke Pe Chauka Marna #RamKapoor ko Ache se Aata hai 🤣😹 pic.twitter.com/kqgyX1zK7H
हालांकि, सोशल मीडिया के एक वर्ग ने इस पूरे घटनाक्रम को अलग नजरिए से देखा. कई यूजर्स ने राम कपूर को ट्रोल करते हुए दावा किया कि उन्होंने मौके का फायदा उठाने की कोशिश की. कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किए, जबकि कई ने उनके व्यवहार को अनुचित बताया. देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
गौतमी कपूर ने फिर जताया पति पर भरोसा
जहां एक ओर सोशल मीडिया पर आलोचनाएं हो रही थीं, वहीं राम कपूर की पत्नी गौतमी कपूर ने एक भावुक पोस्ट के जरिए उनका समर्थन किया. उन्होंने शो से राम की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि वह उन्हें मिस कर रही हैं. इसके साथ उन्होंने दिल वाला इमोजी बनाते हुए प्यार और सम्मान जाहिर किया.

यह पहला मौका नहीं है जब गौतमी ने सार्वजनिक रूप से अपने पति का साथ दिया हो. इससे पहले भी जब राम कपूर अपने बयानों को लेकर ट्रोल हुए थे, तब भी उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीर शेयर कर सिर्फ “Only Love” लिखकर अपना समर्थन जताया था.
‘प्लेबॉय' वाले बयान से भी बटोर चुके हैं सुर्खियां
‘लॉक अप 2' में राम कपूर पहले भी अपने निजी जीवन को लेकर दिए गए बयान की वजह से चर्चा में आ चुके हैं. शो के दौरान उन्होंने खुलकर स्वीकार किया था कि शादी से पहले उनकी जिंदगी में कई रिश्ते रहे और उन्होंने खुद को प्लेबॉय तक बताया था. उन्होंने यह भी कहा था कि शादी के बाद वह पूरी तरह अपनी पत्नी गौतमी के प्रति वफादार रहे हैं.
राम ने बातचीत के दौरान यह किस्सा भी सुनाया था कि जब उनकी और गौतमी की शादी तय हुई थी, तब उनकी दोस्त एकता कपूर ने गौतमी को फोन कर उनके पुराने रिश्तों को लेकर आगाह किया था. हालांकि, इन तमाम विवादों और चर्चाओं के बावजूद राम कपूर और गौतमी कपूर का रिश्ता आज भी मजबूत माना जाता है और हर मुश्किल वक्त में दोनों एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं