पॉपुलर प्लेबैक सिंगर और एक्टर किशोर कुमार अपनी शानदार आवाज, बेहतरीन अभिनय और अनोखे अंदाज के लिए आज भी याद किए जाते हैं. लेकिन उनके बेटे अमित कुमार ने हाल ही में अपने पिता से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने उनके सख्त और अनुशासनप्रिय स्वभाव की झलक भी दिखा दी. अमित कुमार ने बताया कि बचपन में जब किशोर कुमार ने उन्हें सिगरेट पीते हुए देख लिया था, तब वह बेहद गुस्से में आ गए थे. अमित कुमार अपनी मां और अभिनेत्री लीना चंदावरकर के साथ म्यूजिक रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बचपन की एक याद साझा करते हुए बताया कि यह घटना उस समय की है, जब वे अमेरिका के वाशिंगटन में एक शो के लिए गए हुए थे.
विदेश में सिगरेट की जिद करने लगे थे अमित कुमार
अमित कुमार ने कहा, "वाशिंगटन में बाबा (किशोर कुमार) का शो था. मम्मी भी उनके साथ गई थीं. मुझे मेरे बड़े भाई के कमरे में छोड़ दिया गया था. शाम करीब साढ़े आठ बजे भाई के कमरे में ड्रिंक, बर्फ और सिगरेट आ गई. मेरे पास करने के लिए कुछ नहीं था, इसलिए मैं भाई को देख रहा था. उन्हें सिगरेट पीते देख मैंने भी जिद शुरू कर दी कि मुझे भी सिगरेट चाहिए."
पापा ने खूब सुनाया था
उन्होंने आगे बताया, "भाई मेरी जिद से परेशान हो गए और आखिर में बोले, 'अच्छा लो, तुम भी ले लो.' फिर मैं शीशे के सामने खड़ा होकर भाई की नकल करते हुए सिगरेट पीने की कोशिश कर रहा था." अमित कुमार ने बताया कि तभी अचानक कमरे का दरवाजा खुला और किशोर कुमार अपनी पत्नी लीना चंदावरकर के साथ अंदर आ गए. उन्होंने कहा, "बाबा को किसी का शराब पीना या सिगरेट पीना बिल्कुल पसंद नहीं था. जैसे ही वे कमरे में आए, उसके बाद की हर बात मुझे आज भी अच्छी तरह याद है. उससे पहले की बातें तो धुंधली हैं."
होटल में गूंजी थी किशोर कुमार की आवाज
इसके बाद अमित कुमार ने अपने पिता के गुस्से का जिक्र करते हुए कहा, "जब बाबा ने जोर से डांटा, तो मैं कसम खाकर कहता हूं कि गाने में जो उनकी दमदार आवाज आप सुनते हैं, वही आवाज होटल की दो मंजिल ऊपर और दो मंजिल नीचे तक जरूर गई होगी. ऐसा लगा जैसे कोई धमाका हो गया हो. उस वक्त मेरी हालत बहुत खराब हो गई थी." हालांकि, इस घटना को याद करते हुए अमित आज मुस्कुरा देते हैं. उन्होंने हंसते हुए कहा, "लेकिन मैं तब बहुत छोटा और नासमझ था. मुझे तो सिगरेट दे दी गई थी. इसलिए इसमें पूरी गलती मेरी भी नहीं थी."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं