एक समय ऐसा था जब टीवी पर आने वाला टॉक शो ‘जीना इसी का नाम है' दर्शकों का पसंदीदा कार्यक्रम हुआ करता था. अभिनेता फारूक शेख की मेजबानी में इस शो ने बॉलीवुड और देश की कई चर्चित हस्तियों के ऐसे पहलुओं से लोगों को रूबरू कराया, जो आमतौर पर कैमरों के सामने नजर नहीं आते थे. अब करीब 24 साल बाद यह लोकप्रिय शो नए अंदाज में वापसी करने जा रहा है. इस बार शो का नया संस्करण ‘जीना इसी का नाम है 2.0' ओटीटी प्लेटफॉर्म Zee5 पर स्ट्रीम होगा और इसकी मेजबानी अभिनेता आर. माधवन करते नजर आएंगे. इस घोषणा के बाद पुराने दर्शकों में भी शो को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.
आर. माधवन बोले- असली इंसान को जानने का मौका देगा शो
शो की वापसी पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए आर. माधवन ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में लोग सितारों की तस्वीरें, वीडियो और रोजमर्रा की गतिविधियां तो देख लेते हैं, लेकिन उनकी असली सोच, संघर्ष और व्यक्तित्व से परिचित नहीं हो पाते. उनके मुताबिक, ‘जीना इसी का नाम है' हमेशा से इसी कमी को पूरा करता आया है. माधवन ने कहा कि फारूक शेख ने इस मंच को ईमानदार और दिल छू लेने वाली बातचीत के जरिए खास पहचान दिलाई थी. ऐसे प्रतिष्ठित शो को आगे बढ़ाना उनके लिए सम्मान की बात भी है और बड़ी जिम्मेदारी भी.
नई कहानियां, नए मेहमान और नया अंदाज
आर. माधवन ने यह भी संकेत दिया कि शो के नए सीजन में ऐसे मेहमान नजर आएंगे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में भारत का नाम दुनिया भर में रोशन किया है. बातचीत सिर्फ उनकी उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन अनकहे किस्सों, रिश्तों और संघर्षों पर भी रोशनी डाली जाएगी, जिन्होंने उनकी सफलता की नींव रखी. Zee5 ने आधिकारिक तौर पर शो की वापसी की घोषणा कर दी है. हालांकि, इसकी रिलीज डेट का अभी खुलासा नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्लेटफॉर्म मेहमानों की सूची और प्रीमियर से जुड़ी बाकी जानकारी भी साझा करेगा. ऐसे में दर्शकों को एक बार फिर उसी भावनात्मक और प्रेरणादायक अंदाज में अपने पसंदीदा सितारों को करीब से जानने का मौका मिलने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं