दूरदर्शन पर टेलीकास्ट हुई रामानंद सागर के पॉपुलर टीवी शो रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले एक्टर सुनील लहरी ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे भक्तों के विश्वास के साथ बड़ा धोखा बताया और कानून व्यवस्था से सख्त कार्रवाई की मांग की. सुनील लहरी ने एक वीडियो शेयर करते हुए इसे सबसे नीच हरकत करार दिया. सुनील लहरी ने एक वीडियो मैसेज में कहा कि 400-500 साल की लंबे इंतजार, लाखों भक्तों की आस्था और हजारों बलिदानों के बाद राम लला के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ. प्राण-प्रतिष्ठा जैसा महान आयोजन हुआ, लेकिन उस पवित्र स्थान पर करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी हो गई.
उन्होंने इसे “सबसे नीच हरकत” करार देते हुए कहा, “रक्षक ही भक्षक बन गए. श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ ऐसा विश्वासघात किसी भी सभ्य समाज में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.” उन्होंने आगे अपील की कि दोषियों को इतनी कड़ी सजा दी जाए कि उनकी आने वाली सात पीढ़ियां भी याद रखें. उन्होंने सऊदी अरब जैसे देशों में चोरी के लिए मिलने वाली सख्त सजाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो दूसरों के लिए भी सबक बने और भविष्य में कोई इस हिम्मत को न कर सके.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला
यह विवाद तब शुरू हुआ जब समाजवादी पार्टी के नेता तेज नारायण पवन पांडे ने आरोप लगाया कि मंदिर के दान-पेटियों से 5 से 7.5 करोड़ रुपये तक का गबन हुआ है. शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित की. जांच में अनियमितताएं सामने आईं और अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
कौन हैं सुनील लहरी?
सुनील लहरी 1987 में टेलीकास्ट हुए रामायण सीरियल में लक्ष्मण बनकर घर-घर में पॉपुलर हुए. अरुण गोविल (राम) और दीपिका चिखलिया (सीता) के साथ उनका किरदार आज भी लोगों की यादों में ताजा है. यह सीरियल दुनियाभर पर सबसे ज्यादा देखा जाने वाला पौराणिक शो माना जाता है. लहरी अक्सर सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं. इससे पहले उन्होंने विपक्षी नेताओं और देश की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर भी बात की थी.
यह भी पढ़ें: सनी देओल की आंखें गाय जैसी हैं...कोस्टार ने सनी पाजी की तारीफ में क्यों कही ये बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं