कॉमेडी की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बन चुकी कॉमेडी क्वीन भारती सिंह इन दोनों एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं. दरअसल हाल ही में भारती सिंह ने अपना नया और शानदार स्टूडियो खरीद लिया है, जिसकी खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दी. गृह प्रवेश के दौरान भारती अपने पति हर्ष लिंबाचिया और बच्चों के साथ नजर आईं. पूजा-पाठ और परिवार के साथ बिताए गए इन खास पलों ने इस मौके को और भी यादगार बना दिया. वीडियो में एक पल ऐसा भी आया जब भारती भावुक हो गईं और फैंस से प्यार और आशीर्वाद देने की बात कहने लगीं.
सपनों के स्टूडियो की दिखाई झलक
भारती ने अपने व्लॉग में फैंस को अपने नए स्टूडियो की पहली झलक दिखाई. वीडियो में उन्होंने पूरे स्टूडियो का टूर कराया. ऊंची छत, शानदार इंटीरियर और खूबसूरत सजावट देखकर साफ महसूस होता है कि ये जगह उनके लिए कितनी खास है. भारती की खुशी देखकर फैंस भी काफी एक्साइटेड नजर आए. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें नई शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें- शाहरुख खान मानते हैं 61 साल पुराने गाने को सबसे रोमांटिक सॉन्ग, लता मंगेशकर ने था ठुकराया, आशा भोसले ने बनाया कालजयी
पूरे परिवार के साथ की पूजा
नए स्टूडियो में प्रवेश से पहले पूरे विधि-विधान के साथ पूजा रखी गई. पंडित जी ने सभी धार्मिक रस्में पूरी करवाईं. हर्ष लिंबाचिया ने नारियल फोड़कर शुभ शुरुआत की. वहीं भारती ने कलश पर नारियल रखकर गृह प्रवेश किया. उनके बेटे भी इस खास मौके का हिस्सा बने. वीडियो में पूरा परिवार एक साथ पूजा करता दिखाई दिया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया.
भावुक हुईं भारती सिंह
पूजा के बाद भारती ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिलता रहा है और आगे भी उसकी जरूरत रहेगी. इतना कहते हुए वो भावुक हो गईं. उनके चेहरे पर खुशी और आंखों में भावनाएं साफ दिखाई दे रही थीं. फैंस भी कमेंट्स में उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं.
कितनी है भारती सिंह की नेटवर्थ
भारती सिंह आज टीवी इंडस्ट्री की सबसे सफल कॉमेडियन और होस्ट में गिनी जाती हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारती सिंह की कुल संपत्ति करीब 25 से 30 करोड़ रुपये बताई जाती है. टीवी शोज, होस्टिंग, यूट्यूब और ब्रांड एंडोर्समेंट से उनकी अच्छी कमाई होती है. वहीं हर्ष लिंबाचिया भी राइटर, प्रोड्यूसर और होस्ट के तौर पर इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं. यही वजह है कि आज ये कपल टीवी इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर और सफल सितारों में शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं