बिग बॉस 20 के प्रीमियर में बस एक हफ्ता बचा है और आने वाले सीजन को लेकर दर्शक काफी एक्साइटेड हैं. जहां कई टीवी और फिल्म हस्तियों के इस रियलिटी शो में शामिल होने की चर्चा है. वहीं अब बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भाई, एक्टर फैसल खान का नाम भी सुर्खियों में है. खबर है कि फैसल बिग बॉस 20 का हिस्सा हो सकते हैं. बता दें, 'वैरायटी इंडिया' ने पुष्टि की है कि फैसल खान बिग बॉस 20 में कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल होंगे. फैसल ने 1994 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'मदहोश' से एक्टिंग में डेब्यू किया था.
फैसल खान ने भाई आमिर खान के साथ फिल्म मेला में भी काम किया था. परिवार के साथ विवादित रिश्तों और भाई आमिर खान के बारे में पहले दिए गए बयानों को देखते हुए, उनके शो में आने से काफी पर्सनल ड्रामा देखने को मिल सकता है.
फैसल का एक्टिंग करियर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है और उन्हें कई पर्सनल और प्रोफेशनल मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. हाल के सालों में उन्होंने अपने संघर्षों और परिवार के साथ अपने रिश्तों के बारे में खुलकर बात की है. इसलिए बिग बॉस हाउस में उनकी मौजूदगी दिलचस्प हो सकती है.
फैसल खान क्यों सुर्खियों में रहे हैं?
फैसल तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में दावा किया था कि उनके परिवार वालों ने उन्हें घर में कैद कर दिया था और उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताकर गलत तरीके से पेश किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें एक साल से ज्यादा समय तक घर में रखा गया था.
‘आमिर से कभी मदद नहीं मांगी'
उनके दावों के बाद आमिर खान के परिवार ने एक बयान जारी कर मीडिया से अपील की थी कि वे फैसल की बातों को सच न मानें और कहा था कि वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं. इस बयान पर परिवार के कई सदस्यों के हस्ताक्षर थे. हाल ही में फैसल खान ने अपने परिवार पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने के लिए माफी मांगी और उनके साथ रिश्ते सुधारने की इच्छा जताई. उन्होंने कहा, "मैंने आमिर के बारे में भी बुरी बातें कहीं. मैं बस आगे अच्छे रिश्ते बनाए रखने के अपने फैसले पर कायम रहना चाहता हूं. मेरी इच्छा है कि हमारा रिश्ता और मजबूत हो."
6 सितंबर को बिग बॉस 20 का प्रीमियर
बिग बॉस 20 का प्रीमियर 6 सितंबर को होने वाला है और सलमान खान एक बार फिर होस्ट के तौर पर नजर आएंगे. खबर है कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की कई हस्तियों से शो के लिए संपर्क किया गया है. अगर फैसल खान बिग बॉस हाउस में आते हैं, तो दर्शकों को एक्टर का एक ऐसा रूप देखने को मिल सकता है जो शायद ही कभी टेलीविजन पर दिखा हो.
यह भी पढ़ें: टॉक्सिक के सिंगर ने किया नेपाल और असम में बाढ़ प्रभावितों की मदद का ऐलान, कॉन्सर्ट का एक-एक पैसा करेंगे दान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं