Aam Aadmi Party Protest in Punjab: आम आदमी पार्टी (AAP) ने आज पंजाब के सभी जिलों में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है. आप ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों जैसे- ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए हल्ला बोल का ऐलान किया है. AAP का आरोप है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए इन संस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है.
दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के प्रभावशाली कैबिनेट मंत्रियों में से एक संजीव अरोड़ा को सेक्टर-2 स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कियाथा. यह कार्रवाई ईडी द्वारा वर्ष 2002 के पीएमएलए के तहत संजीव अरोड़ा के आवासों और कार्यालयों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाने के बाद की गई. इसके बाद आम आदमी पार्टी भाजपा पर हमलावर है.
अरविंद केजरीवाल ने लगाया था गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पड़ने पर बीजेपी पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने आरोप लगाया था कि दुख की बात है कि आज एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा के घर एक साथ ईडी की रेड हुई थी. अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए तो रेड बंद हो गई, लेकिन संजीव अरोड़ा ने इनकार कर दिया तो फिर से रेड हो गई.
ये भी पढ़ें- संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड पर भड़के CM भगवंत मान, बोले- "पंजाब में भी वही हो रहा, जो BJP पूरे देश में..."














