Rohit Yadav vs Arshad Nadeem Record: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा चोट के कारण एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो गए हैं. ऐसे में अब एक बड़ा सवाल ये खड़ा हो गया है कि पाकिस्तान के स्टार जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम को कौन चुनौती देगा. ऐसे में भारतीय एथलीट रोहित यादव पर सबकी नजरें होंगी. रोहित और अरशद इससे पहले कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में आमने-सामने आ चुके हैं. दोनों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े एक दिलचस्प तस्वीर पेश करते हैं.
रोहित यादव का प्रोफाइल
रोहित यादव भारत के प्रमुख जैवलिन थ्रोअर में शामिल हैं और कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने 2022 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में अरशद नदीम का सामना किया था. इसके बाद दोनों 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप और 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी आमने-सामने आए. रोहित यादव ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में 81.56 मीटर के थ्रो के साथ अरशद नदीम से ऊपर फिनिश किया था.' नीरज चोपड़ा की गैरमौजूदगी में रोहित भारत की ओर से बड़े मुकाबलों में एक अहम चुनौती बन सकते हैं.
अरशद नदीम का प्रोफाइल
दरअसल, अरशद नदीम के हाल के कुछ प्रदर्शन को छोड़ दिया जाए तो ये एथलीट पाकिस्तान का सबसे सफल जैवलिन थ्रोअर है. उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड मेडल जीतकर पाकिस्तान के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक चैंपियन बनने का इतिहास रचा था. उनके नाम 92.97 मीटर का ओलंपिक और एशियाई रिकॉर्ड है. वह 2023 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले पाकिस्तानी एथलीट बने थे. अरशद 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में 90.18 मीटर फेंककर 90 मीटर पार करने वाले पहले दक्षिण एशियाई (South Asian) खिलाड़ी बने थे. उनके नाम कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, साउथ एशियन गेम्स और एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी पदक हैं.
रिकॉर्ड में रोहित यादव और अरशद नदीम में कौन किस पर भारी?
रोहित यादव और अरशद नदीम के बीच अब तक छह अलग-अलग मुकाबलों के रिकॉर्ड को देखें तो अरशद नदीम का पलड़ा ज्यादा भारी नजर आता है. 2022 वर्ल्ड चैंपियनशिप की क्वालिफिकेशन में अरशद 81.71 मीटर के साथ चौथे और रोहित 80.42 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे थे. फाइनल में भी अरशद ने 86.16 मीटर के साथ पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि रोहित 78.72 मीटर के साथ 10वें स्थान पर रहे. 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में अरशद ने 90.18 मीटर का ऐतिहासिक थ्रो कर गोल्ड जीता, जबकि रोहित 82.22 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे
2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में बदल गई तस्वीर?
2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी अरशद ने रोहित को पीछे छोड़ा था. हालांकि, 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन में अरशद 78.63 मीटर और रोहित 78.37 मीटर के साथ आगे रहे. लेकिन फाइनल में तस्वीर बदल गई. रोहित यादव ने 81.56 मीटर का थ्रो कर सातवां स्थान हासिल किया, जबकि अरशद नदीम 77.41 मीटर के साथ नौवें स्थान पर रहे. यानी आमने-सामने के ज्यादातर मुकाबलों में अरशद नदीम रोहित यादव से आगे रहे हैं, लेकिन 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स का फाइनल साबित करता है कि रोहित उन्हें चुनौती देने की क्षमता रखते हैं.
क्या बोले नीरज चोपड़ा?
भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने शनिवार को घोषणा की कि अभ्यास के दौरान उनके टखने के लिगामेंट में चोट लग गई है, जिसके कारण वह आगामी एशियाई खेलों में नहीं खेल पाएंगे. चोपड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लुसाने डायमंड लीग में सेशन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के कुछ ही समय बाद उन्हें चोट लगी. चोपड़ा ने कहा, 'कड़ी मेहनत के बाद मुझे लग रहा था कि मैं आखिरकार अच्छी लय हासिल कर रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी और लुसाने में मैंने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया.'
उन्होंने कहा, दुर्भाग्य से कुछ समय बाद ही अभ्यास के दौरान मेरे टखने के लिगामेंट में चोट लग गई. अपने डॉक्टर और टीम से सलाह मशविरा करने के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सत्र में आगे नहीं खेल पाऊंगा. यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय पाने के करीब था, लेकिन जैसा कि कहते हैं, उतार-चढ़ाव तो जीवन का हिस्सा होते हैं.' चोपड़ा ने कहा, 'अब मेरा ध्यान पूरी तरह से फिट होने और पहले से भी अधिक मजबूत होकर वापसी करने पर है.' चोपड़ा के इस सत्र से हटने का मतलब यह भी है कि वह डायमंड लीग फाइनल में भी नहीं खेल पाएंगे, जिसके लिए उन्होंने क्वालीफाई कर लिया था.
ये भी पढ़ें- भारत को झटका! नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स 2026 से बाहर, अब इन दो जैवलिन थ्रोअर पर होगी नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं