महाराष्ट्र: आतंकी नेटवर्क और मुंबई अंडरवर्ल्ड कनेक्शन के शक में 4 लोग हिरासत में, 10 घंटे से पूछताछ कर रही ATS

एटीएस ने यह कार्रवाई कथित ISI-पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े संभावित मॉड्यूल की जांच के सिलसिले में की है. ATS की टीम ने छापामारी के दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अहिल्यानगर से ISI-पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में चार संदिग्ध गिरफ्तार (Photo Credit- Unsplash)

Maharashtra ATS: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है. इनके खिलाफ ISI-पाकिस्तानी आतंकी और मुंबई अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल कनेक्शन की जांच की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, श्रीरामपुर थाना क्षेत्र से हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पिछले करीब 10 घंटों से लगातार पूछताछ जारी है और उनके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है.

जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इन लोगों का किसी आतंकी संगठन, विदेशी हैंडलर या अंडरवर्ल्ड से जुड़े तत्वों के साथ कोई संबंध था या नहीं. ATS द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आ रही है.

अधिकारियों ने फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

हाल ही में कई आईएसआई के एजेंट हुए हैं गिरफ्तार

हाल ही में दिल्ली स्पेशल सेल ने आईएसआई (ISI) और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े नौ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था. जो देश में बड़े हमले की साजिश रच रहे थे. इनमें दो आरोपी मुंबई से गिरफ्तार हुए थे, इनमें एक तौकीर रिजवान अहमद शेख मुंब्रा इलाके का रहने वाला है. उसे 27 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया. जांच में सामने आया कि तौकीर सीधे ISI हैंडलर यावर खान और मुन्ना झिंगाड़ा के संपर्क में था. दूसरा आरोपी साजिद महबूब शेख उर्फ अरबाज खान है, जो कुर्ला में रहता था. तौकीर की तरह अरबाज भी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था.

Advertisement

बाद में फरार हुजैफा भी गिरफ्तार हुआ

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 2 जून को मुंबई एटीएस के साथ मिलकर मुंबई से हुजैफा को भी गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल मामले में हुजैफा की पिछले कई दिनों से तलाश कर रही थी. आरोपी डी कंपनी से लंबे समय से जुड़ा हुआ है और मुंबई को दहलाने की साजिश रच रहा था. उसकी दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी और पाकिस्तानी हैंडलर मुन्ना झिंगाड़ा से सीधी बातचीत थी.

ये भी पढ़ें- ISI-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल पर बड़ा खुलासा, निशाने पर था मुंबई का सिद्धिविनायक मंदिर और भाभा ऑटोमिक सेंटर

Featured Video Of The Day
खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला! गुस्साए लोगों का विरोध प्रदर्शन