विज्ञापन

Dussehra 2026: रावण दहन कहां देखें? दिल्ली, नोएडा, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में इन जगहों पर देखें दशहरा

दिल्ली, नोएडा, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद की प्रसिद्ध जगहें, जहां आप अपने परिवार और बच्चों के साथ रावण दहन देख सकते हैं.

Dussehra 2026: रावण दहन कहां देखें? दिल्ली, नोएडा, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में इन जगहों पर देखें दशहरा
रावण दहन
file photo

दशहरा, अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक माना जाता है. इसे विजयादशमी भी कहा जाता है. देशभर में इसे अलग-अलग रूपों में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. कई जगहों पर रामलीला का मंचन भी किया जाता है. इस साल 20 अक्टूबर, आज मंगलवार को देश के अधिकांश हिस्सों में दशहरा मनाया जाएगा और रावण दहन किया जाएगा. अगर आप इस साल रावण दहन देखने जाने का प्लान बना रहे हैं तो हम आपको दिल्ली, नोएडा, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद की प्रसिद्ध जगहों के बारे में बताते हैं. जहां आप अपने परिवार और बच्चों के साथ रावण दहन देख सकते हैं.

लाल किला मैदान

दिल्ली में लाल किला मैदान का दशहरा मेला बहुत प्रसिद्ध है. यहां लव कुश और श्री धार्मिक रामलीला होती है. यहां बड़े-बड़े सेलिब्रिटी और राजनेता भी आते हैं. आप रावण दहन देखने के लिए लाल किला मैदान जा सकते हैं.

द्वारका सेक्टर-10 रामलीला मैदान

दिल्ली में दशहरा मेला देखने के लिए द्वारका सेक्टर-10 भी बहुत मशहूर है. यहां भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं. यहां विशाल रावण का पुतला दहन भी किया जाता है.

नोएडा स्टेडियम

नोएडा स्टेडियम के पास स्थित रामलीला मैदान में भी दशहरा मेले का आयोजन किया जाता है. यहां हर साल बड़ी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचते हैं.

ग्रेटर नोएडा एक्सपो ग्राउंड

ग्रेटर नोएडा एक्सपो ग्राउंड में दशहरा मेला लगता है. यहां विशाल रावण के पुतले, कई मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और खाने-पीने के ढेरों स्टॉल लगते हैं. आप यहां परिवार के साथ झूलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकते हैं.

गिरगांव चौपाटी, मुंबई

मुंबई का मशहूर गिरगांव चौपाटी दशहरा मनाने के लिए बहुत फेमस है. विजयादशमी के दौरान यहां रावण का पुतला दहन किया जाता है. यहां रावण दहन आमतौर पर शाम 6:30 बजे से 7:00 बजे के बीच होता है.

शिवाजी पार्क, दादर

शिवाजी पार्क मुंबई के सबसे प्रसिद्ध जगहों में से एक है. त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. दशहरे पर भी यहां और आसपास के इलाकों में उत्सव का माहौल देखने को मिलता है.

पैलेस ग्राउंड, बेंगलुरु

बेंगलुरु में पैलेस ग्राउंड्स बहुत फेमस जगह है.  पैलेस ग्राउंड्स और उसके आसपास विशाल दशहरा मेले लगते हैं और यहां रामलीला और रावण दहन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं.

आरआर नगर ग्राउंड

दक्षिण-पश्चिम बेंगलुरु के आरआर नगर में दशहरे का बहुत अच्छा आयोजन किया जाता है. विजयदशमी पर यहां रावण दहन और शानदार आतिशबाजी और लाइट शो भी देखने को मिलता है.

शांति सरोवर, गाचीबौली

हैदराबाद के ब्रह्माकुमारी शांति सरोवर में 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे से विशेष दशहरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में रावण दहन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, आध्यात्मिक प्रवचन और महाआरती शामिल हैं.

यह भी पढ़ें:- लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों पर जा रहे हैं? कार चलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dussehra, Vijayadashami, Ravan Dahan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com