विज्ञापन

गर्मियों में हीट रैशेज, टैनिंग और पिंपल्स से हैं परेशान? ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन के ये घरेलू नुस्खे दिला सकते हैं राहत

Summer Skin Problems: शहनाज हुसैन ने गर्मियों में घमौरियां, टैनिंग, ऑयली स्किन और सनबर्न के लिए नेचुरल घरेलू उपाय बताए हैं. मुल्तानी मिट्टी, खीरा, दही का इस्तेमाल कर आप राहत पा सकते हैं.

गर्मियों में हीट रैशेज, टैनिंग और पिंपल्स से हैं परेशान? ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन के ये घरेलू नुस्खे दिला सकते हैं राहत
हेल्दी स्किन के लिए ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन ने कुछ नुस्खे बताए हैं.

Summer Skin Care: गर्मी का मौसम अपने साथ सिर्फ तेज धूप और पसीना ही नहीं लाता, बल्कि त्वचा और बालों से जुड़ी कई परेशानियां भी लेकर आता है. इस मौसम में हीट रैशेज, टैनिंग, सनबर्न, ऑयली स्किन, पिंपल्स और चिपचिपे बाल जैसी समस्याएं बेहद आम हो जाती हैं. तेज धूप, उमस और पसीने के कारण त्वचा की प्राकृतिक नमी और बैलेंस बिगड़ने लगता है. ऐसे में लोग महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन कई बार घरेलू उपाय भी उतने ही असरदार साबित होते हैं. ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन के बताए कुछ आसान और प्राकृतिक नुस्खे गर्मियों की इन समस्याओं को कम करने में मदद कर सकते हैं. इन उपायों में ऐसी चीजें इस्तेमाल होती हैं जो घर में आसानी से मिल जाती हैं और त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ उसे हेल्दी भी बनाती हैं.

गर्मियों में स्किन प्रोब्लम्स से राहत पाने के उपाय | Ways to Get Relief From Skin Problems in Summer

1. हीट रैशेज और घमौरियों के लिए क्या करें?

गर्मी और नमी के कारण घमौरियां होना बहुत आम बात है. इससे त्वचा पर लाल दाने, खुजली और जलन महसूस हो सकती है. ऐसे में चंदन और खस वाले टैल्कम पाउडर काफी राहत देते हैं. ये त्वचा को ठंडक पहुंचाकर खुजली कम करते हैं.

चंदन पाउडर में थोड़ा गुलाबजल मिलाकर पेस्ट तैयार करें और प्रभावित हिस्से पर लगाएं. गुलाबजल नेचुरल कूलेंट की तरह काम करता है. 20 से 30 मिनट बाद सादे पानी से धो लें. एलोवेरा जेल भी घमौरियों में बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसे सीधे त्वचा पर लगाने से जलन और लालिमा कम हो सकती है. अगर खुजली ज्यादा हो रही हो तो एक हिस्सा सिरका और तीन हिस्से पानी मिलाकर कॉटन की मदद से त्वचा पर लगाएं. यह त्वचा का बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: unsplash

2. टैनिंग हटाने के आसान उपाय

तेज धूप में ज्यादा समय बिताने से त्वचा टैन हो जाती है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि धूप के संपर्क में आने पर त्वचा में मेलानिन का उत्पादन बढ़ जाता है. टैन हटाने के लिए पिसे हुए बादाम में दही और एक चुटकी हल्दी मिलाकर स्क्रब की तरह इस्तेमाल करें. इसे हल्के हाथों से रगड़ें और फिर पानी से धो लें. सूखे नींबू के छिलकों का पाउडर ठंडे दूध या दही में मिलाकर चेहरे पर 20 मिनट के लिए लगाएं. रेगुलर इस्तेमाल से टैनिंग हल्की पड़ सकती है.

ऑयली स्किन वालों के लिए खीरे का रस और नींबू का रस बराबर मात्रा में मिलाकर लगाना फायदेमंद हो सकता है. खीरा त्वचा को ठंडक देता है और अतिरिक्त तेल कम करने में मदद करता है. टमाटर के गूदे में शहद मिलाकर लगाने से भी त्वचा ताजा और साफ महसूस होती है.

3. सनबर्न को शांत करने वाले घरेलू उपाय

धूप में ज्यादा रहने से त्वचा लाल और जली हुई महसूस हो सकती है. इसे सनबर्न कहा जाता है. ताजा एलोवेरा जेल सनबर्न पर लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और जलन कम हो सकती है. एलोवेरा में मौजूद जिंक सूजन कम करने में मदद करता है. ठंडे खीरे के स्लाइस या खीरे का रस भी सनबर्न में राहत देता है. आप खीरे को कद्दूकस करके भी प्रभावित हिस्से पर लगा सकते हैं.

नारियल पानी या नारियल का दूध त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ धीरे-धीरे टैनिंग कम करने में भी मदद कर सकता है. इसे 20 से 30 मिनट तक त्वचा पर लगाकर रखें. ठंडा दूध कॉटन की मदद से त्वचा पर लगाने से सनबर्न वाली त्वचा मुलायम महसूस होती है.

4. ऑयली और पसीने वाले स्कैल्प की देखभाल

गर्मियों में बाल जल्दी चिपचिपे और बदबूदार हो जाते हैं. इससे राहत पाने के लिए शैंपू के बाद आखिरी रिंस में पानी में नींबू का रस और गुलाबजल मिलाकर इस्तेमाल करें. चायपत्ती का पानी भी बालों के लिए अच्छा माना जाता है. इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को दोबारा उबालें, छान लें और उसमें नींबू का रस मिलाकर बालों में अंतिम रिंस की तरह इस्तेमाल करें. इससे बालों में चमक आ सकती है.

मेहंदी का हेयर पैक भी स्कैल्प की सफाई और एक्स्ट्रा ऑयल कम करने में मदद कर सकता है. इसमें नींबू का रस, कॉफी, अंडा और चाय का पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें और एक घंटे बाद धो लें.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: unsplash

5. ऑयली स्किन और पिंपल्स से बचाव

गर्मियों में त्वचा ज्यादा ऑयली हो जाती है, जिससे पिंपल्स और रैशेज़ की समस्या बढ़ सकती है. मुल्तानी मिट्टी में गुलाबजल मिलाकर फेस पैक बनाएं और हफ्ते में तीन बार लगाएं. यह अतिरिक्त तेल कम करने और पोर्स को साफ रखने में मदद करता है. टी ट्री ऑयल की 2 बूंदें गुलाबजल में मिलाकर लगाने से त्वचा को आराम मिल सकता है. दालचीनी पाउडर, मेथी पाउडर और शहद का मिश्रण सिर्फ पिंपल्स पर लगाएं. इसे कुछ घंटों या रातभर के लिए छोड़ सकते हैं.

नीम की पत्तियों को उबालकर उसका पेस्ट बनाकर लगाने से त्वचा साफ महसूस होती है. मेथी की ताजी पत्तियों का पेस्ट भी त्वचा के लिए फायदेमंद माना जाता है.

ध्यान रखने वाली बातें:

घरेलू नुस्खे प्राकृतिक जरूर होते हैं, लेकिन हर स्किन अलग होती है. इसलिए किसी भी उपाय को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. अगर त्वचा पर ज्यादा जलन, एलर्जी या समस्या बनी रहे तो डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लेना बेहतर होता है. गर्मियों में पर्याप्त पानी पीना, हल्का भोजन करना और धूप से बचाव करना भी त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है.

ये भी पढ़ें:

47°C की भीषण गर्मी में कैसे बचाएं खुद को और परिवार को? हर उम्र के लिए जरूरी टिप्स

Fridge की ये गंदी चीज चुपचाप बढ़ा रही है बिजली बिल, जानें मिनटों में साफ करने का तरीका

वॉशिंग मशीन में ज्यादा कपड़े भरते हैं? इसी गलती से खराब हुई नोएडा एक्‍सटेंशन में रहने वाली सुहानी की मशीन...

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com