हम सबके वॉर्डरोब में एक या दो ऐसी जींस जरूर होती हैं, जो या तो पुरानी हो चुकी होती हैं या फिर फिटिंग खराब होने की वजह से किसी काम की नहीं है. अक्सर हममें से ज्यादातर लोग इन्हें कबाड़ समझकर फेंक देते हैं या फिर घर के किसी कोने में डाल देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यही पुरानी जींस आपके घर का लुक पूरी तरह बदल सकती है? जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना.
डेनिम का फैब्रिक बहुत मजबूत और टिकाऊ होता है, जिससे बनी चीजें सालों-साल चलती हैं. आज हम आपको ऐसे ही कुछ आसान और काम की चीजें बता रहें हैं जिन्हें पुरानी जींस से बना सकते हैं.
पुरानी जींस का कैसे करें इस्तेमाल- (Purani Jeans Se Ghar Kaise Decorate Kare)
1. डेनिम कुशन कवर-
अपने लिविंग रूम को एक कूल और मॉडर्न लुक देने के लिए आप पुरानी जींस से कुशन कवर बना सकते हैं.
कैसे बनाएं- जींस के पैरों वाले हिस्से को कुशन के साइज के हिसाब से काट लें. अब इसे तीन तरफ से सिल लें और एक तरफ जिपर या बटन लगा दें. आप चाहें तो जींस के अलग-अलग शेड्स के टुकड़ों को आपस में जोड़कर एक पैचवर्क वाला कुशन कवर भी तैयार कर सकते हैं. यह सोफे पर रखा हुआ बेहद अट्रैक्टिव लगता है.

पुरानी जींस से बनाएं कुशन कवर. (Image NDTV)
2. रस्टिक टेबल रनर-
डायनिंग टेबल या सेंटर टेबल को एक क्लासिक और रस्टिक वाइब देने के लिए डेनिम टेबल रनर एक बेहतरीन ऑप्शन है.
कैसे बनाएं- इसके लिए जींस के लंबे हिस्सों को सीधे पट्टियों में काट लें. इन पट्टियों को आपस में जोड़कर एक लंबी चादर जैसा शेप दें.
3. वॉल पॉकेट ऑर्गनाइजर-
जींस की सबसे अच्छी बात होती है उसकी पॉकेट्स. आप इन पॉकेट्स का इस्तेमाल घर की छोटी-मोटी चीजें संभालने के लिए कर सकते हैं.
कैसे बनाएं- जींस के पीछे वाली जेबों को कपड़े समेत चौकोर काट लें. अब एक मोटे कपड़े या डेनिम के ही बड़े टुकड़े पर इन सभी पॉकेट्स को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सिल दें. ऊपर एक लकड़ी या हैंगर लगा दें ताकि इसे दीवार पर टांगा जा सके. इसमें आप अपने घर की चाबियां, पेन, चश्मा, मोबाइल और चार्जर जैसी चीजें आसानी से रख सकते हैं.
4. प्लांटर कवर-
इंडोर प्लांट्स आज के समय में हर घर की शान हैं. लेकिन प्लास्टिक या मिट्टी के साधारण गमले कभी-कभी बोरिंग लगते हैं. इन्हें छुपाने के लिए आप डेनिम प्लांटर कवर बना सकते हैं.
कैसे बनाएं- जींस की मोहरी को गमले की लंबाई के हिसाब से काटें. इसे गमले के ऊपर एक स्लीव या मोजे की तरह चढ़ा दें. नीचे से इसे बंद करने की भी जरूरत नहीं है.
5. डोर हैंगिंग-
घर के दरवाजे पर टंगी खूबसूरत चीजें हर किसी का ध्यान खींचती हैं. आप पुरानी जींस के टुकड़ों से एक सुंदर डोर हैंगिंग या तोरण बना सकते हैं.
कैसे बनाएं- डेनिम के कपड़े को छोटे-छोटे त्रिकोण (Triangle) या दिल (Heart) के शेप में काट लें. इन्हें एक मजबूत धागे या सुतली में पिरो लें. बीच-बीच में आप रंग-बिरंगे मोती या लकड़ी के बीड्स डाल सकते हैं. इसे मेन गेट पर लगाने से घर में घुसते ही एक बहुत ही क्रिएटिव वाइब आती है.
ये भी पढ़ें- बेकार समझ कर फटी-पुरानी बेडशीट को फेंकें नहीं, इन 4 तरीकों से घर को दें नया लुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं