ब्यूटी और हेयर केयर से जुड़े कई असरदार नुस्खे पुराने घरेलू तरीकों से ही आते हैं. ऐसा ही एक आसान हेयर केयर हैक हाल ही में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने शेयर किया. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह बालों को हेल्दी, मुलायम और चमकदार बनाए रखने के लिए खास तरीके से मेहंदी लगाती हैं. अगर आप भी पारंपरिक भारतीय हेयर केयर उपायों को अपनी रूटीन में शामिल करना चाहते हैं, तो यह तरीका आपके काम आ सकता है.
इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में डॉ. मधु चोपड़ा अपने बालों में मेहंदी लगाते हुए नजर आईं. उन्होंने बताया कि उनके द्वारा तैयार किए गए घरेलू मेहंदी पेस्ट को लगाए हुए एक घंटा हो चुका है और उन्होंने बालों का जूड़ा बना रखा है. उस समय मेहंदी सूख चुकी थी और उनकी सहायक बालों में तेल लगा रही थी. डॉ. मधु चोपड़ा ने बताया कि यह एक हर्बल ऑयल है, जिसमें उन्होंने रोजमेरी ऑयल और कैस्टर ऑयल यानी अरंडी का तेल मिलाया है. उनके अनुसार, मेहंदी सूखने के बाद बालों की लंबाई और जड़ों पर तेल लगाने से बाल रूखे नहीं होते. उन्होंने कहा कि वह इस तेल को करीब आधे घंटे तक बालों में लगाए रखती हैं. इससे बालों और उनकी जड़ों को नमी मिलती है, जिससे वे मुलायम और हेल्दी बने रहते हैं.
बालों के लिए मेहंदी के फायदे
बालों को मुलायम और कंडीशनर करने में मददगार- मेहंदी एक प्राकृतिक कंडीशनर की तरह काम करती है. यह बालों की सतह को कोट करके उन्हें मुलायम बनाती है और उनकी बनावट को बेहतर करने में मदद करती है.
बालों में प्राकृतिक चमक लाती है- मेहंदी बालों की बाहरी परत को स्मूद बनाती है, जिससे बालों पर रोशनी बेहतर तरीके से पड़ती है. इससे बाल अधिक चमकदार और हेल्दी दिखाई देते हैं.
बालों को मजबूत बनाने में सहायक- मेहंदी बालों पर एक सुरक्षात्मक परत बना देती है, जिससे बाल मजबूत होते हैं. यह बालों की क्यूटिकल को सील करने में मदद करती है, जिससे फ्रिजीनेस कम होती है और बाल ज्यादा स्मूद नजर आते हैं.
स्कैल्प का अतिरिक्त तेल कम करने में मददगार- मेहंदी स्कैल्प में मौजूद अतिरिक्त तेल को सोखने में मदद कर सकती है. इसलिए जिन लोगों की स्कैल्प बहुत ऑयली रहती है, उनके लिए मेहंदी फायदेमंद हो सकती है. साथ ही, यह बालों को कंडीशन भी करती है, जिससे बालों के टूटने की संभावना कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें:- सोने का रानी हार और खूबसूरत पीकॉक झुमके, ऐसी थी रश्मिका मंदाना की शाही वेडिंग ज्वेलरी
यह भी पढ़ें:- क्या आपका बच्चा भी फोन देखे बिना खाना नहीं खाता, तो स्क्रीन की लत छुड़वाने के लिए अपनाए ये 3 तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं