75वां मिस यूनिवर्स पेजेंट 24 नवंबर 2026 को प्यूर्टो रिको के सैन जुआन में आयोजित किया जाएगा. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया भर की प्रतिभागी हिस्सा लेंगी. इसके लिए अलग-अलग देशों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें अपने-अपने देश की प्रतिनिधि चुनी जा रही हैं. हाल ही में मिस्बाह अरशद (Misbah Arshad) को मिस यूनिवर्स पाकिस्तान 2026 (Miss Universe Pakistan) का ताज पहनाया गया है. मिस यूनिवर्स पाकिस्तान संगठन ने इंस्टाग्राम पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, "मिस्बाह अरशद मिस यूनिवर्स पाकिस्तान 2026 हैं. अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास, गरिमा और उद्देश्यपूर्ण सोच के साथ अब वह वैश्विक मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगी".
मिस्बाह अरशद इस नवंबर प्यूर्टो रिको में होने वाले मिस यूनिवर्स 2026 में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगी. इस साल मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता अपनी डायमंड एनिवर्सरी यानी 75वीं वर्षगांठ भी मना रही है, जिससे यह आयोजन और भी खास बन गया है.
कौन हैं मिस्बाह अरशद?
मिस्बाह अरशद साइकोलॉजी की छात्रा हैं और उनका मानना है कि लड़कियों की शिक्षा उन्हें सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. जुलाई 2026 में उन्होंने लाहौर के एक स्कूल का दौरा किया था, जहां उन्होंने छात्राओं से मुलाकात की और उनके अनुभवों के बारे में जाना. इस मौके पर मिस्बाह ने कहा था, "स्कूलों का दौरा करना, प्रतिभाशाली लड़कियों से मिलना जिन्होंने मुझे जीवन के कई महत्वपूर्ण सबक सिखाए और विभिन्न संस्थाओं से पाकिस्तान के भविष्य को लेकर उनके विजन को समझना, इन सब अनुभवों ने मुझे एक बात का एहसास कराया है कि लड़कियों की शिक्षा हमारे भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण निवेशों में से एक है". उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के जरिए लड़कियां न केवल अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम योगदान दे सकती हैं. यही कारण है कि वे लड़कियों की शिक्षा और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की बात करती हैं.
मिस्बाह अरशद इससे पहले भी कई ब्यूटी पेजेंट्स में हिस्सा ले चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. उन्होंने साल 2023 में जापान में आयोजित मिस इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भी पाकिस्तान की ओर से भाग लिया था. साइकोलॉजी की पढ़ाई करने के साथ-साथ मिस्बाह मॉडलिंग और फैशन-ब्यूटी से जुड़ा कंटेंट भी बनाती हैं. उनके इंस्टाग्राम पोस्ट्स के मुताबिक, उन्हें घूमने-फिरने का काफी शौक है. वह नई जगहों और संस्कृतियों को जानना, स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेना और प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद करती हैं.
मिस यूनिवर्स पाकिस्तान 2026 बनने पर क्या बोलीं मिस्बाह?
मिस यूनिवर्स पाकिस्तान 2026 का खिताब जीतने के बाद मिस्बाह अरशद ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि अब उनकी मिस यूनिवर्स 2026 की यात्रा आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है. इस उपलब्धि को उन्होंने अपने लिए एक सम्मान बताया और कहा कि वह वैश्विक मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित हैं. अब वह नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में पाकिस्तान की ओर से हिस्सा लेंगी. उन्होंने लिखा, "मैंने अपने जीवन में एक बात सीखी है कि असफलता यह तय नहीं करती कि आप विजेता हैं या नहीं. असली बात यह है कि आप उम्मीद बनाए रखें, लगातार मेहनत करते रहें और हर कदम के साथ खुद को बेहतर बनाते जाएं".
उन्होंने बताया कि उन्होंने जो सफेद गाउन पहना था, वह उम्मीद का प्रतीक था और यह याद दिलाता है कि हमें अपने सपनों पर विश्वास करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए. उन्होंने आगे कहा, "गाउन पर लगे रॉयल ब्लू क्रिस्टल शिक्षा और उस ज्ञान का प्रतीक हैं, जिसे हम सीखने और खुद को बेहतर बनाने के दौरान हासिल करते हैं".
यह भी पढ़ें:- बाल झड़ने और डैंड्रफ से हैं परेशान? स्कैल्प केयर पर दें ध्यान, एक्सपर्ट ने बताए 5 आसान उपाय
यह भी पढ़ें:- 'ठीक से चल नहीं पाती थीं', एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने बताया कैसे इस जापानी ट्रिक से 40 किलो वजन घटाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं