Metformin Vs Ozempic: डायबिटीज एक ऐसी क्रॉनिक बीमारी है जिसमें ब्लड शुगर लेवल लंबे समय तक बढ़ा रहता है. अगर इसे सही तरीके से कंट्रोल न किया जाए, तो यह दिल की बीमारी, किडनी डैमेज, आंखों की समस्या (रेटिनोपैथी) और नर्व डैमेज जैसी गंभीर परेशानियों का कारण बन सकती है. इसलिए समय पर इलाज और सही दवाओं का चुनाव बहुत जरूरी है. आजकल डायबिटीज के इलाज में दो दवाएं काफी चर्चा में हैं मेटफॉर्मिन और ओजेम्पिक (जिसका मेन कॉम्पोनेंट सेमाग्लूटाइड है). एक तरफ मेटफॉर्मिन सालों से इस्तेमाल हो रही सुरक्षित दवा है, वहीं ओजेम्पिक नई तकनीक पर बेस्ड है और वजन घटाने में भी मदद करती है. ऐसे में सवाल उठता है इन दोनों में कौन बेहतर है और किसके साइड इफेक्ट कम हैं? ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखना बेहद जरूरी है. NDTV से बात करते हुए, इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स में एंडोक्रिनोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. सप्तर्षि भट्टाचार्य ने बताया दोनों दवाओं में से कौन सी बेहतर.
दोनों दवाएं कैसे काम करती हैं?
मेटफॉर्मिन: यह दवा लिवर में बनने वाले एक्स्ट्रा ग्लूकोज (शुगर) को कम करती है और शरीर को इंसुलिन के प्रति ज्यादा सेंसिटिव बनाती है.
सेमाग्लूटाइड (ओजेम्पिक): यह GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट है, जो एक प्राकृतिक हार्मोन की तरह काम करता है. इंसुलिन रिलीज बढ़ाता है, ग्लूकागन (शुगर बढ़ाने वाला हार्मोन) कम करता है. भूख कम करता है और पेट खाली होने की प्रक्रिया धीमी करता है.
आसान शब्दों में: मेटफॉर्मिन अंदर से शुगर बनना कम करती है, जबकि ओजेम्पिक शरीर के हार्मोन सिस्टम को कंट्रोल करता है.

ब्लड शुगर कंट्रोल में कौन ज्यादा असरदार कौन?
मेटफॉर्मिन से HbA1c (औसत शुगर) में आमतौर पर 1% से कम कमी आती है. ओजेम्पिक (सेमाग्लूटाइड) से 1.5% से 2% तक कमी देखी गई है. यानी Ozempic ज्यादा ताकतवर असर दिखाती है.
ओजेम्पिक के फायदे (Benefits of Ozempic)
- वजन कम करने में मदद.
- दिल के रोग का खतरा कम.
- किडनी की सुरक्षा.
- फैटी लिवर में सुधार.
मेटफॉर्मिन के साइड इफेक्ट्स (Side Effects of Metformin)
- हल्की उल्टी या मतली
- दस्त
- पेट में असहजता
- मुंह में धातु जैसा स्वाद
ये साइड इफेक्ट आमतौर पर हल्के होते हैं और समय के साथ ठीक हो जाते हैं.

सेमाग्लूटाइड (ओजेम्पिक) के साइड इफेक्ट्स (Side Effects of Semaglutide (Ozempic)
- ज्यादा मतली और उल्टी
- दस्त
- शुरुआती हफ्तों में परेशानी ज्यादा
कुछ मामलों में:
- पैनक्रियाटाइटिस
- गॉल स्टोन
- आंखों की समस्या
कई लोग इन साइड इफेक्ट्स के कारण दवा छोड़ भी देते हैं.
ओजेम्पिक या मेटफॉर्मिन कौन ज्यादा सुरक्षित दवा? | Which is the Safer Medication: Ozempic or Metformin?
यह पूरी तरह आपकी स्थिति पर निर्भर करता है मेटफॉर्मिन बेहतर है अगर आपको हल्की या शुरुआती डायबिटीज है, आप कम खर्च में इलाज चाहते हैं, आपको कम साइड इफेक्ट्स चाहिए.
सेमाग्लूटाइड बेहतर है अगर:
- आपको ज्यादा शुगर कंट्रोल चाहिए.
- वजन भी कम करना है.
- दिल या किडनी से जुड़ी समस्या है.
क्या दोनों दवाएं साथ ली जा सकती हैं?
कई मामलों में डॉक्टर दोनों दवाओं का कॉम्बिनेशन देते हैं. इससे बेहतर शुगर कंट्रोल मिलता है. अलग-अलग तरीके से काम करने का फायदा मिलता है. लेकिन, यह हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही लेना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं