विज्ञापन

कानपुर की ‘अफीम कोठी’ जहां नाम में अफीम, लेकिन मिलता है हर तरह का सामान, जानिए लोगों को क्यों है आज भी पसंद

कानपुर का शहर अपनी ऐतिहासिक इमारतों और ब्रिटिश काल में बनी मिलों के लिए जाना जाता है. आज हम बात करेंगे वहां की मार्केट अफीम कोठी की, जो अपने अनोखे नाम के साथ और वहां होने वाली खरीददारी के लिए लोगों के बीच आज भी पहली पसंद बनी हुई है.

कानपुर की ‘अफीम कोठी’ जहां नाम में अफीम, लेकिन मिलता है हर तरह का सामान, जानिए लोगों को क्यों है आज भी पसंद
नाम है अफीम कोठी, लेकिन मिलता है सारा सामान. ( Image NDTV)

किसी शहर का जब नाम लिया जाता है तो पहले उसकी उन चीजों को याद किया जाता है जो फेमस होती हैं. फिर वो वहां का बड़ा मॉल हो, ऐतिहासिक मंदिर हो, इमारतें हों या फिर वहां का फेमस फूड. ये सभी चीजें उस शहर की पहचान बनती हैं. इसके साथ ही वहां की बाजारें भी जो शहर की असल रफ्तार को दिखाती हैं इस लिस्ट में शामिल होती हैं. 

आज हम बात करेंगे उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की एक मार्केट 'अफीम कोठी' के बारे में. नाम सुनकर तो लगता है कि ये जगह अफीम से जुड़ी हुई है, लेकिन असल में इसकी तस्वीर इसके नाम से बिल्कुल अलग है. आज अफीम कोठी कानपुर की उन व्यस्त मार्केट मे हैं जो वहां के लोगों के बीच काफी फेमस है. यहां पर हर रोज हजारों की संख्या में लोग खरीददारी करने पहुंचते हैं. 

कानपुर में आज भले ही कई वीआईपी मार्केट और मॉल बन गए हों, लेकिन इन बाजारों की बात और रौनक कुछ और ही है. जो इस शहर के इतिहास को भी दिखाती है. ये बाजार शहर की पुरानी पहचान के साथ बदलती लाइफस्टाइल का मेला भी है. यहां पर कपड़ों से लेकर घरेलू सामान, छोटी दुकानों से लेकर बड़े स्टोर और हर रोज की जरूरतों की कई सारी चीजें मिलती है. 

अफीम कोठी नाम की वजह

Photo Credit: Unsplash

जैसा की इसके नाम से समझ आता है कि इसका अफीम से कुछ कनेक्शन होगा. दरअसल इसके नाम का इतिहास ब्रिटिश काल से जुड़ा माना जाता है. उस समय कानपुर व्यापार करने और प्रशासन का एक अहम केंद्र माना जाता था. यहां पर अफीम को स्टोर करने के लिए कुछ जगहों और बिल्डिंग्स का इस्तेमाल किया जाता था. कानपुर के पुराने लोग बताते हैं कि यही वजह है कि इस जगह का नाम अफीम कोठी पड़ गया.

समय के साथ इस बाजार का रंग, रूप, इलाका सब बदला. लेकिन इसका नाम आज भी वही है जो इसकी एक अलग पहचान बनाए हुए है.

खरीदारी का भरोसेमंद ठिकाना

Photo Credit: Unsplash

कानपुर की रहने वाली पूजा बताती हैं कि आज भी उनके पापा घर के सामान की छोटी से बड़ी चीज लेनी होती है तो वो मॉल या दूसरी मार्केट की जगह अफीम कोठी को पहली प्रिफरेंस पर रखते हैं. इसकी वजह है कि यहां पर सारा सामान एक ही जगह पर और अच्छी कीमत पर मिल जाएगा. यहां छोटे व्यापारियों से लेकर पुराने दुकानदारों तक का मजबूत नेटवर्क देखने को मिलता है.

लोगों की पसंद क्यों बना हुआ है अफीम कोठी?

अफीम कोठी आज भी लोगों के बीच पसंदीदा है इसकी कई वजहे हैं-

पहला है इस मार्केट की लोकेशन जो रेलवे स्टेशन से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर है. तो सिर्फ शहरी नहीं बल्कि बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी यहां पर आकर खरीदारी करना आसान होता है. वहीं कानपुर के ये बीचो-बीच स्थित है. मतलब आप जहां भी रहते हों आपको इस मार्केट में पहुंचने के लिए एक पार से दूसरी पार नहीं जाना पड़ता.

दूसरी वजह है यहां पर आपको लोकल छोटी दुकानों से लेकर के बड़े शोरूम भी मिल जाते हैं, जिसमें लोग अपने बजट के हिसाब से खरीदारी कर सकते हैं.

यहां पर प्राइज फिक्स नहीं रहता है, अगर आपको मोलभाव आता है तो आप अपनी बार्गेनिंग स्किल्स को यहां पर इस्तेमाल कर सकते हैं. 

इसके साथ ही यहां पर आपको लोकल फूड का स्वाद भी चखने को मिलेगा. जैन जलेबी से लेकर के यहां के समोसे तक लोगों के बीच काफी फेमस हैं. 

बदलते समय के साथ पहचान अब भी कायम है

भले ही आज समय बदल गया है, हर शहर विकसित हो गया है लेकिन कुछ पुरानी जगहें आज भी वहां की पहचान बनी हुई हैं. अफीम कोठी इसी बात का जीता-जातता एक उदाहरण है. 

कानपुर में रहने वाले पुराने लोगों से बात करने पर पता लगा कि उनके लिए ये सिर्फ एक बाजार नहीं है. बल्कि उनकी यादों से जुड़ी एक गुल्लक है. घर में शादी हो, या फिर कोई त्योहार या फंक्शन. घर बन रहा हो या घर को सजाना हो हर तरह का सामान खरीदने के लिए अफीम कोठी जाना एक प्लान का हिस्सा रहता था. 

लोग सुबह जल्दी जाना पसंद करते थे ताकि भीड़ कम मिले. बच्चों के मन में एक अलग ही एक्साइटमेंट होती थी कि अब सामान आएगा. क्योंकि आज की तरह पहले आपको हर वक्त हर सामान नहीं मिलता था. उसके लिए इंतजार करना पड़ता था. दुकान के खुलने का, सुबह होने का.

आज के समय में भले ही ऑनलाइन शॉपिंग ने हमारे काम को आसान बना दिया है. लेकिन जो एक्साइटमेंट बचपन में होती थी वो आज कहीं खो सी गई है. हर वक्त हर चीज मिल जाने का कंफर्ट आज भी उस खुशी के सामने फीका पड़ जाता है जो महीने में एक बार सामान मिलने पर होता था.

तो अगर आप भी कभी कानपुर जा रहे हैं और वहां की लोकल मार्केट देखना चाहते हैं तो एक बार अफीम कोठी देखकर जरूर आइएगा. 

ये भी पढ़ें: 15 जून को कैंचीधाम जा रहे हैं? काठगोदाम से लेकर नीम करोली बाबा के मंदिर तक का Budget Friendly ट्रैवल गाइड

ये भी पढ़ें: नोएडा की इन सस्ती मार्केट्स के आगे दिल्ली का सरोजिनी बाजार भी फेल! वीकेंड पर जरूर करें विजिट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
KANPUR, Lifestyle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com