Kangana Saree Inspiration: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत सिर्फ अपनी दमदार एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि अपने बेबाक अंदाज और फैशन सेंस के लिए भी जानी जाती हैं. जब बात देसी लुक की आती है, तो कंगना का मुकाबला करना थोड़ा मुश्किल है. खासकर उनका साड़ी कलेक्शन इतना शानदार है कि हर कोई देखता रह जाता है. पटोला से लेकर खादी तक, कंगना ने हर बार अपनी साड़ियों से भारतीय संस्कृति और कारीगरी को बढ़ावा दिया है. तो चलिए उनके 3 साड़ी लुक्स पर एक नजर डालते हैं.

कंगना के ये 3 साड़ी लुक्स- (Kangana Ranaut Best Saree Looks)
1. पटोला का जलवा-
हाल ही में 'रायजिंग भारत समिट 2026' के दौरान कंगना मस्टर्ड येलो रंग की पटोला साड़ी में नजर आईं. इस साड़ी पर बहुत ही सुंदर ज्योमेट्रिकल डिजाइन बने हुए थे और इसका लाल बॉर्डर इसे काफी रॉयल लुक दे रहा था. कंगना ने इसके साथ लाल रंग का ब्लाउज पहना था, जिसकी आस्तीन पर गोल्डन काम किया गया था. अपने लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने कान में झुमके, हाथ में घड़ी और माथे पर एक छोटी सी बिंदी लगाई थी. उनके आधे बंधे हुए बाल और हल्का मेकअप उनके इस लुक को और भी खूबसूरत बना रहा था.
2. खादी साड़ी-
पिछले साल अक्टूबर में कंगना ने खादी की एक साड़ी पहनकर सबको हैरान कर दिया था. आमतौर पर लोग खादी को बोरिंग समझते हैं, लेकिन कंगना ने इसे बहुत ही स्टाइलिश तरीके से पेश किया. उनकी साड़ी पर गुलाबी, नारंगी और सफेद रंग की धारियां थीं, जबकि बॉर्डर हरे रंग का था. इसके साथ उन्होंने क्रीम कलर का बिना आस्तीन वाला (स्लीवलेस) ब्लाउज पहना था. यह लुक उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो कम बजट में भी क्लासी दिखना चाहते हैं.
3. कांजीवरम लुक-
कंगना जब कर्नाटक के देवी दुर्गा परमेश्वरी मंदिर गईं, तो वहां उनका लुक किसी रानी जैसा लग रहा था. उन्होंने 'अधवरिया सिल्क' के कलेक्शन से एक गुलाबी कांजीवरम साड़ी चुनी थी. इस साड़ी पर बहुत ही बारीक 'मीनाकारी' का काम किया गया था और इसका बॉर्डर' इसे एक विंटेज और लग्जरी लुक दे रहा था. कंगना अक्सर धार्मिक मौकों पर भारी सिल्क की साड़ियां पहनना पसंद करती हैं, जो उन पर बहुत जंचती हैं.
क्यों खास है कंगना का साड़ी स्टाइल?
कंगना रनौत उन गिनी-चुनी एक्ट्रेस में से हैं जो एयरपोर्ट हो या संसद, हर जगह साड़ी को पूरी सहजता के साथ पहनती हैं. वह केवल महंगी साड़ियां ही नहीं पहनतीं, बल्कि छोटे शहरों के बुनकरों और कारीगरों द्वारा बनाई गई साड़ियों को भी प्रमोट करती हैं. चाहे वो बनारसी सिल्क हो, चंदेरी हो या खादी, कंगना का हर लुक एक कहानी कहता है.
अगर आप भी साड़ी में क्लासी दिखना चाहती हैं, तो कंगना के स्टाइल को फॉलो कर सकती हैं.
ये भी पढ़ें- क्यों हर महिला को अपनी डाइट में इन 3 हर्ब को शामिल करना चाहिए, एक्सपर्ट से जानें...
अस्थमा पूरी तरह क्यों ठीक नहीं हो सकता? डॉक्टर ने क्या कहा जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं