मेलाज्मा यानी झाइयां आजकल एक आम समस्या बन गई है. खासकर महिलाओं में ये समस्या ज्यादा देखने को मिलती है. अब, इसे ठीक करने के लिए लोग तमाम तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं और महंगे-महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर बताती हैं, एक बार झाइयां होने पर इन्हें पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता है यानी झाइयों को जड़ से खत्म नहीं किया जा सकता है. हालांकि, कुछ असरदार तरीके अपनाकर आप इन्हें काफी हद तक लाइट जरूर कर सकते हैं. डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, झाइयां होने पर अधिकतर लोग सिर्फ दाग हल्के करने पर ध्यान देते हैं और झाइयों बढ़ाने वाले कारणों को नजरअंदाज कर देते हैं. सबसे पहले इन कारणों को ठीक करना जरूरी है.
क्या करें?
सिर्फ क्रीम लगाने से नहीं चलेगा कामडॉक्टर आंचल पंथ के मुताबिक, मेलाज्मा यानी झाइयों का इलाज थोड़ा समय लेता है. यह ऐसी समस्या है जो ठीक होने के बाद दोबारा भी हो सकती है. इसलिए सिर्फ स्किन को लाइट या दाग हल्का करने वाली क्रीम लगाने से काम नहीं चलेगा. इसके साथ उन कारणों से भी बचना जरूरी है जो झाइयों को बढ़ाते हैं.
सनस्क्रीन सबसे जरूरीअगर आप झाइयों से परेशान हैं, तो सबसे पहले रोजाना ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं. डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, धूप की तेज यूवी किरणें मेलाज्मा को बढ़ाती हैं. ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन जरूर लगाएं और हर 1 से 2 घंटे में इसे रिअप्लाई करें. इससे त्वचा को और नुकसान से बचाने में मदद मिलती है.
टिंटेड सनस्क्रीन और मॉइश्चराइजर का करें इस्तेमालडॉक्टर के अनुसार, टिंटेड सनस्क्रीन ज्यादा बेहतर होती है. इसमें मौजूद आयरन ऑक्साइड त्वचा को सिर्फ धूप ही नहीं, बल्कि विजिबल लाइट से भी बचाने में मदद करता है, जो मेलाज्मा को बढ़ा सकती है. इसके साथ ही रोजाना अच्छा मॉइश्चराइजर लगाना भी जरूरी है. जब त्वचा की ऊपरी परत हेल्दी रहती है, तो स्किन कम इरिटेट होती है और इलाज का असर भी बेहतर तरीके से दिखता है.
गर्मी से बचेंस्किन एक्सपर्ट कहती हैं, सिर्फ धूप ही नहीं, ज्यादा गर्मी भी झाइयों को बढ़ा सकती है. इसलिए जहां तक हो सके, धूप और ज्यादा गर्म माहौल से बचने की कोशिश करें.
डॉक्टर की सलाह से ही लगाएं दवाइयांअगर झाइयां ज्यादा हैं, तो खुद से कोई भी क्रीम लगाने की बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें. डॉक्टर जरूरत के हिसाब से हाइड्रोक्विनोन, रेटिनॉइड्स, एजेलाइक एसिड, ट्रेनेक्सामिक एसिड या दूसरी दवाइयों वाली क्रीम लिख सकते हैं. इनका इस्तेमाल हमेशा डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए. खुद कोई भी नुस्खा आजमाने से चेहरे पर झाइयां और ज्यादा बढ़ सकती हैं.
इस बात का भी रखें ध्यानडॉक्टर आंचल पंथ कहती हैं, मेलाज्मा का इलाज एक-दो दिन में असर नहीं दिखाता. इसमें समय लगता है. ऐसे में रोज सनस्क्रीन लगाएं, स्किन की सही देखभाल करें, धूप और गर्मी से बचें और हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही कोई प्रोडक्ट चेहरे पर लगाएं. ऐसा नियमित तौर पर करने से धीरे-धीरे आपकी स्किन साफ हो सकती है.
यह भी पढ़ें- फेस पैक में फिटकरी मिलाकर लगाती हैं Neelam Kothari, एक्सपर्ट से जानें चेहरे पर फिटकरी लगाने से क्या होता है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं