समय के साथ न सिर्फ लोगों के लाइफस्टाइल में बदलाव हुआ है, बल्कि ब्यूटी ट्रेंड भी बहुत बदल चुके हैं. आजकल सोशल मीडिया का जमाना है और लोग सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ब्यूटी चैलेंज को भी खूब पसंद करते हैं, लेकिन साल 2026 में ब्यूटी की दुनिया एक नए दौर में पहुंच चुकी है. अब भारी मेकअप, कई परतों वाले प्रोडक्ट्स और सिर्फ वायरल होने के लिए किए जाने वाले ब्यूटी ट्रेंड्स की जगह सिंपल, लंबे समय तक चलने वाले और काम की चीजों ने ले ली है. आज के समय में लोगों का ध्यान ऐसे ब्यूटी ट्रेंड्स पर है, जो दिखने में नेचुरल, त्वचा के लिए बेहतर और लंबे समय तक फायदे पहुंचाने वाले हों. चलिए आपको बताते हैं साल 2026 के उन सबसे बड़े ब्यूटी ट्रेंड्स के बारे में, जो इंटरनेट पर छाए हुए हैं.
मिल्की ब्यूटी
इस समय स्किनकेयर की दुनिया में सबसे बड़ा बदलाव स्किन बैरियर को मजबूत रखने पर जोर है. इसे ही मिल्की ब्यूटी ट्रेंड कहा जा रहा है. इस ट्रेंड में महंगे और जल्दी असर वाले पीलिंग एसिड्स की बजाय ऐसी त्वचा को महत्व दिया जाता है, जो अंदर से मजबूत, हेल्दी और अच्छी तरह हाइड्रेटेड हो. लोग अब फोम वाले हैवी फेसवॉश छोड़कर मिल्की क्लींजर, सेरामाइड युक्त टोनर और त्वचा को शांत करने वाले फेस मिस्ट का इस्तेमाल ज्यादा कर रहे हैं. पहले लोग सिर्फ झुर्रियों को छिपाने या एंटी-एजिंग प्रोडक्ट्स पर ध्यान देते थे, लेकिन अब फोकस त्वचा की सेल रिपेयर और रिजनरेशन पर है.
हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड
आज के समय में लोग ऐसे प्रोडक्ट्स पसंद नहीं करते, जो सिर्फ चेहरे पर अच्छे दिखें, बल्कि वे त्वचा को फायदा भी पहुंचाएं. इसी वजह से स्किनकेयर और मेकअप के बीच की दूरी लगभग खत्म हो गई है और हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड तेजी से पसंद किया जा रहा है. अगर कोई फाउंडेशन आपके चेहरे पर 8 से 10 घंटे तक रहने वाला है, तो वह सिर्फ रंगत निखारने का ही नहीं, बल्कि त्वचा की देखभाल का भी काम करें. यही सोच अब ब्यूटी इंडस्ट्री में दिखाई दे रही है.
क्लीन गर्ल
क्लीन गर्ल एस्थेटिक का ट्रेंड खत्म नहीं हुआ है, बल्कि अब यह पहले से ज्यादा दिलचस्प हो गया है. आज भी लोग साफ, ग्लोइंग और नेचुरल बेस मेकअप पसंद कर रहे हैं, लेकिन अब उसमें थोड़ा एक्सपेरिमेंट किया जा रहा है. जहां पहले पूरा लुक बेहद सिंपल रखा जाता था, वहीं अब लोग अपने चेहरे को एक खाली कैनवास की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं और उसमें एक खास, आकर्षक डिटेल जोड़ रहे हैं, जिससे त्वचा प्राकृतिक रूप से ओस जैसी चमकदार लगे और स्किन को फायदा भी मिले.
क्रोम नेल्स
फैशन और ब्यूटी की दुनिया में इस साल क्रोम नेल्स का काफी बोलबाला है. अगर आपने 2026 के स्प्रिंग या समर फैशन शो देखे हैं, तो यह ट्रेंड आपको पहले ही नजर आ गया होगा. चमकदार, मेटैलिक और शीशे जैसी चमक वाले क्रोम नेल्स अब सिर्फ खास मौकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजमर्रा के लुक का हिस्सा भी बनते जा रहे हैं. यही वजह है कि इन्हें इस साल की सबसे लोकप्रिय नेल आर्ट ट्रेंड्स में गिना जा रहा है.
डूप ट्रेंड
अब लोग सिर्फ बड़े ब्रांड का नाम देखकर प्रोडक्ट खरीदने के बजाय उसकी क्वालिटी और इंग्रीडिएंट्स पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. इसी वजह से डूप यानी महंगे प्रोडक्ट्स जैसे असर वाले सस्ते विकल्पों की मांग तेजी से बढ़ रही है. आज के खरीदार काफी जागरूक हो गए हैं. कई लोग एआई टूल्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की मदद से प्रोडक्ट्स के इंग्रीडिएंट्स की तुलना करते हैं और फिर कम कीमत में बेहतर विकल्प ढूंढ़ते हैं.
यह भी पढ़ें:- 'मेरी दादी अपने चेहरे पर घी लगाती थीं', करिश्मा कपूर ने अपनी दादी का ब्यूटी सीक्रेट शेयर किया, जानिए इसके फायदे
यह भी पढ़ें:- 'मैं बेहोश हो जाती थी', अनुपमा परमेश्वरन ने सुनाई दर्दनाक कहानी, बताया कैसे एक्स-पार्टनर के बर्ताव से आने लगे थे पैनिक अटैक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं